कौशांबी। उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में पांच दिन पूर्व हुए पत्रकार हत्याकांड का पुलिस ने सोमवार को खुलासा कर दिया। पुलिस का दावा है कि पत्रकार की हत्या मुखबिरी करने के शक में हुई थी। एक साल पहले एक युवक गोकशी के आरोप में जेल गया था। उसे शक था कि पत्रकार ने पुलिस को मुखबिरी की। तब से वह पत्रकार को मारने का मौका तलाश कर रहा था। पुलिस ने आरोपी को आलाकत्ल के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
यह है पूरा मामला
पूरामुफ्ती थाना इलाके के महगाव कस्बा स्थित ईदगाह के पास एक साप्ताहिक अखबार के पत्रकार फराज असलम की सात अक्टूबर को अज्ञात लोगों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी। घटना के बाद परिवार वालों ने पुलिस को तहरीर देकर किसी तरह की रंजिश से इंकार कर दिया था।
करीब पांच दिन की गहन पड़ताल के बाद पूरामुफ्ती पुलिस ने सोमवार को महगाव निवासी सीबू उर्फ सैफुलहक को गिरफ्तार किया। पुलिस का दावा है कि अभियुक्त सीबू मृतक फराज से रंजिश रखता था। साल 2019 में दर्ज गोकशी के अपराध में फराज ने उसे जेल भिजवा दिया था। जेल से आने के बाद वह फराज की हत्या करने के लिए मौका तलाश रहा था।
पहले से भी आरोपी पर हत्या का केस दर्ज
एसपी अभिनंदन ने बताया गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। सीबू पर इससे पहले भी साल 2017 में धारा 307 और साल 2019 में धारा 3/5क/8 गोवंश निवारण अधिनियम का मुकदमा अलग अलग थाना क्षेत्रों में दर्ज है।