डीपफेक और सेक्सटॉर्शन के खिलाफ जंग लड़ेगी ‘डिजिटल सहेली’

गुरुग्राम। महिलाओं के खिलाफ बढ़ते साइबर अपराधों, खासकर डीपफेक और सेक्सटार्शन के मामलों से निपटने के लिए गुरुग्राम पुलिस ने ‘डिजिटल सहेली’ नाम से विशेष सेल शुरू की है। पुलिस आयुक्त विकास कुमार अरोड़ा के निर्देशन में महिला थाना सेक्टर-51 में इस विशेष सेल की स्थापना की गई, जिसका अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर शुभारंभ साउथ सिटी-2 स्थित निरवाना पैटियो क्लब में शुक्रवार को किया गया।

Advertisement

हेल्पलाइन नंबर 9999981002 पर काॅल करें

यह सेल एंटी-डीपफेक और सेक्सटाॅर्शन रैपिड रिस्पान्स यूनिट के रूप में कार्य करेगी। इसके माध्यम से सोशल मीडिया या डिजिटल प्लेटफार्म पर महिलाओं की मार्फ्ड फोटो, वीडियो या अन्य आपत्तिजनक सामग्री से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई की जाएगी। गुरुग्राम की महिलाएं घर बैठे ही हेल्पलाइन नंबर 9999981002 पर काॅल करके महिला खिलाफ साइबर अपराध से संबंधित अपनी शिकायत दर्ज करवा सकती हैं।

महिलाएं बिना किसी डर के अपनी समस्या साझा करें

पुलिस अधिकारियों के अनुसार इस हेल्पलाइन पर आठ महिला पुलिसकर्मियों की विशेष टीम 24 घंटे तैनात रहेगी, जो पीड़ित महिलाओं की शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करेगी। शिकायतकर्ता की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि महिलाएं बिना किसी डर के अपनी समस्या साझा कर सकें।

इसके साथ ही गुरुग्राम पुलिस के चैटबाॅट नंबर 91 95999 64777 के माध्यम से भी डिजिटल सहेली समेत पुलिस से जुड़ी अन्य सेवाओं की जानकारी ली जा सकती है। इस मौके पर पुलिस उपायुक्त मुख्यालय डाॅ. अर्पित जैन, पुलिस उपायुक्त पूर्व गौरव राजपुरोहित सहित गुरुग्राम पुलिस के कई अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

यह काम करेगी सेल

यदि किसी महिला की फोटो या वीडियो को एडिट करके, माॅर्फ करके या सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर प्रसारित किया जाता है, तो डिजिटल सहेली सेल संबंधित प्लेटफाॅर्म से उसे कम से कम समय में हटवाने की प्रक्रिया भी शुरू करेगी।

पीड़ित महिलाओं को कानूनी सहायता, काउंसलिंग, मानसिक स्वास्थ्य सहयोग और भावनात्मक समर्थन भी प्रदान किया जाएगा।

रीत फाउंडेशन के सहयोग से इस विशेष सेल की स्थापना की गई है। पुलिस आयुक्त का कहना है कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना और साइबर अपराध के खिलाफ तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करना है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here