अमेठी। शिक्षक पति का महिला शिक्षा मित्र के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका पत्नी विरोध करती थी। इससे आए दिन दोनों के बीच कहासुनी व मारपीट भी होती थी। प्रेम प्रसंग विरोध कर रही को रास्ते से हटाने के लिए शिक्षक ने करंट लगाकर हत्या करने की साजिश रची और घटना को अंजाम दे दिया। किसी को हत्या की भनक न लगे, इसके लिए शिक्षक पति ने करंट लगाकर हत्या कर दुर्घटना का रूप दिया।
पुलिस ने आरोपित शिक्षक की निशानदेही पर दो टुकड़ों में बिजली का तार, प्लास, टेप, टेस्टर और एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किए हैं। आरोपित शिक्षक के खिलाफ कार्रवाई कर चालान न्यायालय भेज दिया।
पूरे शिव गुलाम घूरे का पुरवा मजरे लोहरता निवासी शिक्षक उमाकांत शुक्ल पत्नी चेतना के साथ बारामासी स्थित मकान में रहते थे। बीती 18 फरवरी पत्नी चेतना की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। पति ने वाशिंग मशीन में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत होने का कारण बताया था।
मृतका के पिता कृष्ण कुमार पांडेय ने हत्या की आशंका व्यक्त करते हुए पति, देवर व ससुर पर मुकदमा दर्ज कराया था। मृतका के मायके पक्ष का आरोप था कि पति उमाकांत शुक्ल का महिला शिक्षा मित्र से लंबे समय से प्रेम प्रसंग चल रहा था। बेटी चेतना को इसकी जानकारी हुई, तो उसने पति के प्रेम प्रसंग का विरोध किया। इससे दोनों के बीच आए दिन विवाद भी होता था। कई बार सामाजिक समझौता कराकर दोनों में सुलह भी कराई गई थी। बावजूद इसके शिक्षक की आदत में सुधार नहीं आया।
विरोध से तंग आकर शिक्षक ने पत्नी की हत्या करने की योजना बनाई। सुनियोजित तरीके से पत्नी को करंट लगाकर हत्या कर दी। पुलिस को गुमराह करने के लिए वह स्कूल चला गया। पुलिस ने गहनता से पूछताछ की, तो आरोपित शिक्षक की साजिश का राजफाश हो गया। प्रेम प्रसंग में बाधा बन रही पत्नी को रास्ते से हटाने के लिए करंट लगाकर पति ने हत्या की घटना को अंजाम दिया था।
पुलिस ने घटनास्थल से बिजली का तार दो टुकड़ों में, प्लास, टेप, टेस्टर व एक एक्सटेंशन बोर्ड बरामद किया है। सीओ मनोज मिश्र ने बताया कि आरोपित शिक्षक को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त सामान को बरामद किया गया है। विवेचना प्रचलित है, अन्य नामजद आरोपितों की भूमिका की गहनता से जांच की जारी है।
शिक्षक को किया निलंबित
जामो के प्राथमिक विद्यालय पूरे आधार दुबे में उमाकांत शुक्ल इंचार्ज प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात हैं। घटना के बाद खंड शिक्षा अधिकारी शोभनाथ यादव ने रिपोर्ट बीएसए कार्यालय को सौंपी थी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी ने बताया कि बीईओ की रिपोर्ट के आधार पर शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है।













