नई दिल्ली। कोरोना संक्रमितों की संख्या में लगातार कमी आ रही है। इलाज करा रहे मरीजों की संख्या मंगलवार को घटकर 8.26 लाख हो गई। यह आंकड़ा 40 दिन पहले, यानी 13 सितंबर को 8.29 लाख था। बीते 24 घंटे में 63 हजार 520 केस आए, 73 हजार 910 मरीज ठीक हुए, 723 की मौत हो गई। अब तक देश में 72.37 लाख लोग इस बीमारी की चपेट में आ चुके हैं, 62.26 लाख ठीक हुए हैं और 1.10 लाख की मौत हो चुकी है।
Advertisement
कोरोना अपडेट्स
- नेशनल एंटी डोपिंग एजेंसी (NADA) के डायरेक्टर जनरल नवीन अग्रवाल ने मंगलवार को कहा कि अगर कोविड-19 वैक्सीन के नियमों में कोई छूट देने का मामला आता है तो पहले एजेंसी इसका एनालिसिस करेगी। इसके बाद कोई फैसला किया जाएगा।
- हिमाचल प्रदेश सरकार ने बुधवार से अनलॉक 5.0 के तहत नॉन एसी बसों को शुरू करने का फैसला लिया है। अब बसों का इंटर स्टेट मूवमेंट भी हो सकेगा।
- हिमाचल प्रदेश के मंत्री राम लाल मारकंडा कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं। वे अभी होम आइसोलेशन में रहेंगे।
- रेल मंत्रालय ने 20 अक्टूबर से 30 नवंबर तक 196 जोड़े फेस्टिवल स्पेशल ट्रेनें चलाने को मंजूरी दे दी है। इसके लिए अलग-अलग रेलवे जोन से प्रस्ताव भेजे गए थे।
- इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च (ICMR) के डीजी ने बताया कि भारत में री-इंफेक्शन के अब तक दो केस आए हैं। पूरी दुनिया में ऐसे केसों की संख्या 24 है। उन्होंने कहा कि री-इंफेक्शन केस के लिए अब तक डब्ल्यूएचओ ने भी कोई मानक तय नहीं किए हैं।












