IPL में अगले सीजन से हो सकती हैं 10 टीमें, बीसीसीआई करेगी चर्चा

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के अगले सीजन से हमें 8 की बजाय 10 टीमें देखने को मिल सकती हैं। बीसीसीआई ने कहा है कि वो 24 दिसंबर को होने वाली सालाना जनरल मीटिंग में इस मुद्दे को उठाएंगे और अप्रूवल लेने की कोशिश करेंगे।

Advertisement

आपको बता दें कि इससे पहले भी 10 टीमों के बीच आईपीएल का आयोजन हो चुका है। 2011 के सीजन में 10 टीमों के बीच आईपीएल खेला गया था। उस सीजन पुणे वॉरियर्स इंडिया और कोच्चि टस्कर्स की टीमों ने हिस्सा लिया था। हालांकि ये करार ज्यादा दिन तक नहीं चला। कोच्चि को उसी सीजन के बाद टर्मिनेट कर दिया गया, जबकि पुणे वॉरियर्स की टीम ने 2013 तक खेला।

अहमदाबाद के अदानी ग्रुप ने एक बार फिर आईपीएल फ्रेंचाइजी में इच्छा जताई है। 2011 में वो नीलामी प्रक्रिया में टीम हासिल नहीं कर पाए थे लेकिन अहमदाबाद में दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम बनने के बाद उन्होंने एक बार फिर आईपीएल टीम हासिल करने में दिलचस्पी दिखाई है।

इसके अलावा दो साल तक राइजिंग पुणे सुपरजायंट्स को चलाने वाले आरपी संजीव गोयनका ग्रुप ने भी एक बार फिर आईपीएल टीम खरीदने की इच्छा जाहिर की है। अगर ये दोनों डील सफल रही और अप्रूवल मिल गया तो अगले सीजन से एक बार फिर फैंस को 10 टीमों के बीच आईपीएल देखने को मिल सकता है।

अगला आईपीएल सीजन सिर्फ 4 ही महीने दूर है, ऐसे में देखने वाली बात ये होगी कि इतने कम समय में बीसीसीआई दो नई टीमों को जोड़ पाता है या नहीं। अगर जनरल बॉडी से इसको अप्रूवल मिल गया तो फिर इस दिशा में ये एक बड़ा कदम होगा।

Photo Credit - IPL
Photo Credit – IPL

 

अगर आईपीएल में दो और नई टीमें जुड़ीं तो निश्चित तौर पर अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट पर भी इसका असर पड़ेगा। दो नई टीमों के आने से कई सारे और खिलाड़ी भी आईपीएल का हिस्सा होंगे और उनको खेलने का मौका मिलेगा। वहीं आईपीएल के मैचों के संख्या में भी बढ़ोत्तरी होगी, इससे इंटरनेशनल मैचों के शेड्यूल में भी बदलाव करना पड़ सकता है। आमतौर पर जब आईपीएल का आयोजन होता है तब अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट लगभग नहीं होते हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here