नंबर 1 की लड़ाई: भारत में 50 करोड़ यूजर्स का आकंड़ा पार कर सकते हैं यू-ट्यूब और वॉट्सऐप

नई दिल्ली। वॉट्सऐप ने भारत में कई सालों से अपनी अच्छी पकड़ बना रखी है। इसी का नतीजा था कि इसने 2019 के मध्य तक 40 करोड़ से ज्यादा यूजर्स को अपने साथ जोड़ लिया था। उस समय इसका निकटतम प्रतिद्वंद्वी ऐप यू-ट्यूब था, जिसके तब भारत में लगभग 26 करोड़ यूजर थे। लेकिन तब से अब तक यू-ट्यूब के यूजर्स की संख्या में तेजी से इजाफा हुआ है।

Advertisement

ऐप एनी के अनुसार दिसंबर 2020 में भारत में एंड्रॉयड फोन और टैबलेट पर 42.5 करोड़ एक्टिव यूजर थे। वहीं अगर वॉट्सऐप की बात करें तो इसके दिसंबर तक भारत में एंड्रॉयड पर 42.2 करोड़ यूजर एक्टिव थे। ऐप एनी (App Annie) एक मोबाइल डाटा और एनालिटिक्स प्लेटफॉर्म है।

45.9 करोड़ एक्टिव यूजर के साथ वॉट्सऐप टॉप पर
वहीं अगर इसमें iOS यूजर्स को शामिल किया जाए तो भारत में कुल 45.9 करोड़ एक्टिव यूजर के साथ वॉट्सऐप टॉप पर है, हालांकि यू-ट्यूब भी इससे ज्यादा पीछे नहीं है। इसके भारत में 45.2 करोड़ यूजर हैं। ऐसे में रिपोर्ट के अनुसार जल्द ही यू-ट्यूब और वॉट्सऐप के यूजर का आंकड़ा जल्द ही 50 करोड़ पर पहुंच सकता है।

भारत में 60 करोड़ इंटरनेट यूजर
भारत में 2010 में लगभग 5 करोड़ इंटरनेट यूजर थे, लेकिन 2020 खत्म होते-होते ये आंकड़ा 60 करोड़ पर पहुंच गया। ये आंकड़ा छूने में गूगल और फेसबुक ने अहम भूमिका निभाई। गूगल ने देश के 400 रेलवे स्टेशनों में वाई-फाई लाने के लिए एक परियोजना शुरू की है और इसे अन्य सार्वजनिक जगहों पर भी शुरू करने की योजना पर काम कर रही है।

फेसबुक ने भारत में फ्री बेसिक्स लॉन्च किया था। लेकिन जब इसे भारत में बैन किया गया तो कंपनी ने एक्सप्रेस वाई-फाई लॉन्च किया। हाल ही में इन दोनों ही कंपनियों ने मुकेश अंबानी की फर्म जियो प्लेटफॉर्म्स में निवेश किया है। जियो के देश में 40 करोड़ से ज्यादा यूजर हैं।

देश में वॉट्सऐप के 100% यूजर एक्टिव
ऐप एनी की रिपोर्ट के अनुसार भारत में भले ही अब वॉट्सऐप के डाउनलोड होने की गति धीमी हो गई हो, लेकिन इसके पुराने यूजर्स का विश्वास इस पर बना हुआ है। भारत में इसके 95% से अधिक मंथली एक्टिव यूजर हैं जो हर दिन वॉट्सऐप का उपयोग करते हैं।

इतना ही नहीं वॉट्सऐप के 100% यूजर हफ्ते में कम से कम एक बार इसका उपयोग करते हैं। वहीं भारत में यू-ट्यूब के कुल यूजर्स में से तीन-चौथाई यूजर ऐसे हैं जो रोजाना इसका उपयोग करते हैं।

देश में फेसबुक के लगभग 32.5 करोड़ मंथली एक्टिव यूजर
डाटा बताता है कि गूगल के साथ-साथ इसके सह ऐप क्रोम और यू-ट्यूब जो ज्यादातर एंड्रॉइड स्मार्टफोन में पहले से इंस्टॉल आते हैं, हाल के महीनों में भारत में इसके मंथली एक्टिव यूजर का आंकड़ा 40 करोड़ के पार पहुंच गया है। वहीं पिछले महीने देश में फेसबुक के लगभग 32.5 करोड़ एक्टिव यूजर थे।

वीडियो बाजार से हुई कमाई के 43% हिस्से पर यू-ट्यूब का कब्जा
रिसर्च फर्म ‘मीडिया पार्टनर्स एशिया’ की रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि यू-ट्यूब ने पिछले साल भारत में ऑनलाइन वीडियो बाजार से हुई कमाई का 43% हिस्सा (10.23 हजार करोड़ रुपए) कमाया। डिज़नी + हॉटस्टार के खाते में 16% और नेटफ्लिक्स के खाते में कमाई का 14% हिस्सा आया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here