अहमदाबाद। तमिलनाडु की टीम लगातार दूसरी बार सैयद मुश्ताक अली टी20 टूर्नामेंट के फाइनल में पहुंच गई है। शुक्रवार को अहमदाबाद में खेले गए सेमीफानल मुकाबले में तमिलनाडु ने राजस्थान को सात विकेट से हरा दिया। विजेता टीम के लिए अरुण कार्तिक ने 54 गेंदों पर नौ चौके और तीन छक्के की मदद से नॉटआउट 89 रन बनाए। कप्तान दिनेश कार्तिक 26 रन बनाकर नॉटआउट रहे।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान ने 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 154 रन बनाए थे। कप्तान अशोक मेनारिया ने 51 और अजित गुप्ता ने 45 रनों की पारी खेली। एम मोहम्मद ने 24 रन देकर चार विकेट लिए। आर. साई किशोर ने दो विकेट लिए। जवाब में तमिलनाडु ने 18.4 ओवर में तीन विकेट खोकर टारगेट हासिल कर लिया।
17 रन पर गिर गए थे दो विकेट
चैलेंजिंग टारगेट का पीछा कर रही तमिलनाडु की टीम एक समय 17 रन पर दो और फिर 69 रन पर तीन विकेट खो चुकी थी। टूर्नामेंट के टॉप स्कोरर और तमिलनाडु के ओपनर एन जगदीशन 28 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद अरुण कार्तिक और दिनेश कार्तिक ने चौथे विकेट की पार्टनरशिप में 89 रन जोड़कर टीम को जीत दिला दी। राजस्थान की ओर से तनवीर उल हक, अनिकेत चौधरी और रवि विश्नोई ने एक-एक विकेट लिया।
फाइनल में पंजाब या बड़ौदा से मुकाबला
फाइनल में तमिलनाडु का मुकाबला पंजाब या बड़ौदा से होगा। फाइनल भी अहमदाबाद में ही 31 जनवरी को खेला जाएगा। तमिलनाडु को पिछले साल फाइनल में कर्नाटक से हार का सामना करना पड़ा था।










