नई दिल्ली। केंद्रीय बजट 2021 में मोदी सरकार ने कृषि सेक्टर के बजट के आंकड़े पेश किए। इस दौरान वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कृषि सेक्टर के लिए 16.5 लाख करोड़ रुपये के बजट का एलान किया, जिसमें पिछले साल के मुकाबले इजाफा किया गया। बता दें कि साल 2020-21 के बजट में कृषि सेक्टर के लिए 15 लाख करोड़ रुपये आवंटित किए गए थे।
गौरतलब है कि बजट में कृषि कानूनों के विरोध कर रहे किसानों का जिक्र तो नहीं किया गया, लेकिन आंकड़ों के माध्यम से उन्हें साधने की कोशिश की गई। बता दें कि दिल्ली की सीमाओं पर करीब दो महीने से किसान प्रदर्शन कर रहे हैं।
कृषि सेक्टर के लिए बढ़ाया बजट
वित्त मंत्री ने बताया कि साल 2021-22 में एग्रीकल्चर क्रेडिट टारगेट 16.5 लाख करोड़ का है। ऑपरेशन ग्रीन स्कीम में जल्द खराब होने वाली 22 फसलों को शामिल किया जाएगा। वहीं, एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फंड तक एपीएमसी की भी पहुंच होगी। कोच्चि, चेन्नई, विशाखापट्टनम, पारादीप और पेटुआघाट जैसे शहरों में पांच बड़े फिशिंग हार्बर बनाए जाएंगे। वहीं, तमिलनाडु में मल्टीपर्पज सी-विड पार्क बनेगा।
धान खरीद में हुआ इजाफा
वित्त मंत्री ने बताया कि साल 2013-14 में सरकार ने 64 हजार करोड़ रुपये का धान खरीदा। 2019-20 में यह आंकड़ा बढ़कर 1.41 लाख करोड़ हो गया, जबकि 2020-21 में यह आंकड़ा 1.72 लाख करोड़ होने की उम्मीद है। इससे 1.54 करोड़ किसानों को फायदा होने की उम्मीद है।
गेहूं खरीद भी हुई दोगुनी
गेहूं पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि 2013-14 में गेहूं किसानों को कुल 33 हजार 874 करोड़ रुपये दिए गए थे, जबकि 2019-20 में यह आंकड़ा बढ़कर 62 हजार करोड़ से ज्यादा हो गया। 2020-21 के दौरान भी इसमें इजाफा हुआ और यह आंकड़ा बढ़कर 75 हजार 50 करोड़ हो गया। इससे 43.36 लाख किसानों को फायदा हुआ।
50 गुना बढ़ गई दाल खरीद
वित्त मंत्री ने बताया कि साल 2013-14 के दौरान दाल खरीद सिर्फ 236 करोड़ रुपये की होती थी, जबकि 2019-20 के दौरान यह आंकड़ा बढ़कर 40 गुना ज्यादा यानी 8 हजार 285 करोड़ हो गया। इसके अलावा साल 2020-21 में 10 हजार 530 करोड़ रुपये की दाल खरीदी गई। यानी इसमें करीब 50 फीसदी का इजाफा हुआ।
सदन में हुआ हंगामा
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा कि किसानों की आय दोगुना करने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। वित्त मंत्री ने कहा कि यूपीए सरकार से करीब तीन गुना राशि मोदी सरकार ने किसानों के खातों में पहुंचाई। मोदी सरकार की ओर से हर सेक्टर में किसानों को मदद दी गई है। दाल, गेहूं, धान समेत अन्य फसलों की एमएसपी बढ़ाई गई।
केंद्र सरकार किसानों की फसलों पर लागत से कम से कम डेढ़ गुना ज्यादा रकम देने पर काम कर रही है। हमने किसानों को 75 हजार करोड़ रुपये ज्यादा दिए हैं। साथ ही, किसानों को दिए जाने वाले भुगतानों में भी तेजी की गई है। वित्त मंत्री ने अपने भाषण में जैसे ही ये बातें कहीं, संसद में हंगामा होने लगा।










