पूरे भारत में ठंड ने पसारे पांव, श्रीनगर सबसे ठंडा

नयी दिल्ली/पटना/श्रीनगर। राष्ट्रीय राजधानी में शनिवार सुबह हल्का कोहरा छाया रहा और यहां का न्यूनतम तापमान 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो मौसम का सामान्य तापमान है। वहीं वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली में सुबह 9 बजे पीएम2.5 का औसत स्तर 70 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रहा जबकि पीएम10 का स्तर 138 माइक्रोग्राम प्रतिघन मीटर रहा। सुबह 8.30 बजे वायुमंडल में आद्र्रता का स्तर 97 प्रतिशत रहा। मौसम विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘सुबह हल्के कोहरे और धुंध के साथ दिनभर आसमान साफ रहेगा।’’

Advertisement

जम्मू एवं कश्मीर में शानिवार को शीतलहर का प्रकोप और बढ़ गया और न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदू से कई डिग्री नीचे गिर गया। मौसम विभाग के एक अधिकारी के मुताबिक, रात में आसमान साफ रहने के साथ ही शुष्क मौसम के कारण अगले चार से पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। अधिकारी के मुताबिक, श्रीनगर में बीती रात मौसम की सबसे ठंडी रात रही जहां तापमान शून्य से 4.2 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। कारगिल जिले का द्रास शहर राज्य का सर्वाधिक ठंड शहर रहा, जहां तापमान शून्य से 19.0 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।

लेह का शनिवार को न्यूनतम तापमान शून्य से 13.6 डिग्री सेल्सियस नीचे, कारगिल का शून्य से 10.2 डिग्री नीचे, गुलमर्ग का 11.5 डिग्री नीचे और पहलगाम का तापमान शून्य से 9.5 डिग्री सेल्सियस कम दर्ज किया गया। जम्मू शहर का न्यूनतम तापमान 5.5 डिग्री सेल्सियस, कटरा का 5.8 डिग्री सेल्सियस, बटोट का 0.6 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल का 3.1 डिग्री सेल्सियस और भदरवाह का शून्य से 2.0 डिग्री नीचे दर्ज किया गया।

बिहार की राजधानी पटना सहित राज्य के कई हिस्सों में शनिवार सुबह मौसम साफ है तथा धूप निकली है, परंतु चल रही ठंडी हवाओं के कारण ठंड बढ़ गई है। इस बीच राज्य के कई क्षेत्रों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा है कि अगले दो-चार दिनों में अब रात के तापमान में और गिरावट आएगी, जिससे लोग ज्यादा ठंड का एहसास करेंगे। अगले 24 घंटे के दौरान मौसम साफ रहने के आसार हैं तथा अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। पटना मौसम विज्ञान केंंद्र के मुताबिक पटना का शनिवार को न्यूनतम तापमान 12.2 डिग्री सेल्सियस, भागलपुर का 12.6 डिग्री, गया का 8..6 डिग्री तथा पूर्णिाया का 11.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here