नई दिल्ली। भारत में बीते 24 घंटे में कोरोना से 3874 लोगों की मौत हो गई है। इससे पहले लगातार चार दिनों तक 4000 से अधिक लोगों को इस महामारी से अपनी जान गंवानी पड़ी थी।
देश में कोरोना के केस कम होने का सिलसिला जारी है। बीते 24 घंटे में 2 लाख 76 हजार 59 नए संक्रमितों की पहचान हुई। 3 लाख 68 हजार 788 मरीज ठीक हुए, जबकि 3,876 लोगों की मौत हो गई। यह लगातार सातवां दिन था जब नए मरीजों से ज्यादा ठीक होने वालों का आंकड़ा रहा। बुधवार को एक्टिव केस यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में 96,647 की कमी हुई। अब 31 लाख 25 हजार 140 मरीजों का इलाज चल रहा है। 11 दिन पहले 9 मई को यह आंकड़ा 37.41 लाख के पीक पर पहुंच गया था।
देश में कोरोना महामारी आंकड़ों में
बीते 24 घंटे में कुल नए केस आए: 2.76 लाख
बीते 24 घंटे में कुल ठीक हुए: 3.68 लाख
बीते 24 घंटे में कुल मौतें: 3,876
अब तक कुल संक्रमित हो चुके: 2.57 करोड़
अब तक ठीक हुए: 2.23 करोड़
अब तक कुल मौतें: 2.87 लाख
अभी इलाज करा रहे मरीजों की कुल संख्या: 31.25 लाख
19 राज्यों में लॉकडाउन जैसी पाबंदियां
देश के 19 राज्यों में पूर्ण लॉकडाउन जैसी पाबंदियां हैं। इनमें हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़, ओडिशा, मध्यप्रदेश, महाराष्ट्र, कर्नाटक, केरल, तमिलनाडु, मिजोरम, गोवा, तेलंगाना, पश्चिम बंगाल और पुडुचेरी शामिल हैं। यहां पिछले लॉकडाउन जैसे ही कड़े प्रतिबंध लगाए गए हैं।
13 राज्यों/केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन
देश के 13 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में आंशिक लॉकडाउन है। यानी यहां पाबंदियां तो हैं, लेकिन छूट भी है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम, मेघालय, नगालैंड, असम, मणिपुर, त्रिपुरा, आंध्र प्रदेश और गुजरात शामिल हैं।