केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने शनिवार को कांग्रेस पार्टी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब नकारात्मक राजनीति पर उतर आई है। उन्होंने सोनिया गांधी से सवाल किया है कि कांग्रेस ऐसे समय ऐसी राजनीति क्यों कर रही है, जब देश कोरोना महामारी से जूझ रहा है।
उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि शुरुआत में कोवैक्सिन को भाजपा की वैक्सीन कहा गया। अब सबसे ज्यादा असरदार कोवैक्सिन साबित हुई, तो इन्होंने अब इन्होंने एक नया शब्द ट्रैवल बैन जोड़ा है। वर्ल्ड हेल्थ ऑर्गेनाइजेशन (WHO) ने ऐसा कोई निर्णय ही नहीं लिया है।
लोगों में डर पैदा कर रही कांग्रेस : जावड़ेकर
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी देश में कोरोना के खिलाफ लड़ाई को कमजोर करने का काम कर रही है। लोगों में डर और भ्रम पैदा किया जा रहा है। ये एक जिम्मेदार विपक्ष की भूमिका नहीं है। कांग्रेस अब नकारात्मक राजनीति पर उतर आई है। सोनिया गांधी को जवाब देना चाहिए कि कांग्रेस इस तरह की नकारात्मक राजनीति क्यों कर रही है।
कमलनाथ पर भी हमला बोला
मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कहा था कि महामारी को पहले चीनी कोविड कहते थे, लेकिन अब मोदी सरकार की नीतियों की वजह से इसे भारतीय कोविड कहा जाने लगा है। इस पर जावड़ेकर ने कहा कि सोनिया जी को इस पर अपनी बात रखनी चाहिए। उन्होंने बताना चाहिए कि आखिरी क्यों उनकी पार्टी के नेता देश छवि बिगाड़ने पर तुले हुए हैं।
देश का अपमान कर रहे कांग्रेसी : जावड़ेकर
उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने इसे भारतीय कोरोना कहा। कमलनाथ ने आगे कहा कि हमारी पहचान, मेरा भारत कोविड। ये भारत का अपमान है और कांग्रेस के अनेक नेताओं ने कहा कि ये भारतीय वैरिएंट है, जबकि विश्व स्वास्थ्य संगठन ने साफ किया है कि किसी वैरिएंट को किसी देश का नाम नहीं दिया है।













