UP में सियासी हलचल के बीच दिल्ली में योगी, शाह के घर पहुंच गए, कल मोदी से मिलेंगे

नई दिल्ली। राहुल गांधी के करीबी जितिन प्रसाद के भाजपा में शामिल होने के अगले ही दिन यूपी की सियासत में एक और बड़ी हलचल दिखी। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को अचानक दो दिन का दिल्ली का प्रोग्राम बना लिया। गुरुवार शाम करीब चार बजे वो दिल्ली में गृहमंत्री अमित शाह के घर भी पहुंच गए। उनसे मुलाकात अभी जारी है। इसके बाद योगी भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा से मिलेंगे और कल उनका प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने का कार्यक्रम है।

Advertisement

एक और खबर है, वो ये कि अपना दल (एस) की अध्यक्ष व सांसद अनुप्रिया पटेल भी शाह से मिलने दिल्ली पहुंची हैं। योगी की मुलाकात के बाद वो शाह से मिलेंगीं।

पूर्व केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद के BJP जॉइन करने के तुरंत बाद योगी के दिल्ली जाने से राजनीतिक गलियारों में कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बताया जाता है कि योगी मोदी, शाह और नड्‌डा से मिलकर मंत्रिमंडल के विस्तार और अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर चर्चा कर सकते हैं।

मोदी-शाह तक पहुंच चुकी है UP की रिपोर्ट
कुछ दिनों पहले ही भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष और प्रदेश प्रभारी राधा मोहन सिंह ने उत्तर प्रदेश में संगठन और सरकार के कामकाज का जायजा लिया था। कई मंत्रियों से मुलाकात करके उनकी नाराजगी जानी थी। संगठन से जुड़े नेताओं और कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात की थी। इसके बाद उन्होंने इसकी पूरी रिपोर्ट 5 और 6 जून को दिल्ली में हुई बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा से शेयर की थी। फिर नड्‌डा और बीएल संतोष इस रिपोर्ट को लेकर PM मोदी के पास पहुंचे थे। उन्हें पूरी रिपोर्ट सौंपी जा चुकी है।

PM मोदी से मिलने का एजेंडा

  • कोरोना महामारी के सेकेंड वेव में कैसे हालात रहे और सरकार ने कैसे कम समय में इन हालात पर काबू पाया?
  • थर्ड वेव के लिए यूपी में कैसी तैयारी है? कैसे हेल्थ सेक्टर में काम किया है?
  • बच्चों को लेकर सरकार ने अस्पतालों में क्या व्यवस्था की है?
  • पोस्ट कोविड के लिए सरकार की रणनीति और तैयारियों की रिपोर्ट पेश करेंगे CM योगी।
  • वैक्सीनेशन ड्राइव को लेकर भी जानकारी देंगे।
  • UP में 2022 में विधानसभा चुनाव है, उससे पहले राज्य को कोरोना फ्री करने की बड़ी चुनौती सरकार के सामने है। इसको लेकर भी प्रधानमंत्री से चर्चा संभव है।

जल्द हो सकता है कैबिनेट का विस्तार
CM योगी के दिल्ली पहुंचते ही एक बार फिर से UP में कैबिनेट विस्तार को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। बताया जाता है कि योगी के UP आने के बाद इसका ऐलान हो सकता है। सरकार में कई नए चेहरों को जगह मिल सकती है। इसके अलावा कुछ लोगों को संगठन में भी जिम्मेदारी दी जाएगी। तमाम निगम, आयोग और बोर्ड के पद भी भरे जाने हैं।

20 दिन में UP से मिले 5 बड़े संकेत

  • जल्द ही यूपी कैबिनेट का विस्तार हो सकता है। नए चेहरों को मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है।
  • सरकार से नाराज विधायकों को संगठन में बड़ा पद और मंत्रिमंडल में शामिल किया जा सकता है।
  • BJP के चुनावी मैदान में उतरने से पहले RSS की एक टीम जनता के बीच जाएगी।
  • मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ही अगले साल होने वाले चुनाव में BJP का चेहरा होंगे।
  • डिप्टी CM केशव मौर्य को भी बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here