नई दिल्ली। घरेलू शेयर बाजार में मंगलवार को भी खरीदारी का जोर है। फ्लैट शुरुआत के बाद अब बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी में मजबूती के साथ ट्रेड हो रहा है। सेंसेक्स 53,000 से ऊपर है जबकि निफ्टी 15,900 के पास है। बाजार को मीडिया, बैंकिंग और फाइनेंशियल शेयरों में खरीदारी सपोर्ट दे रही है। निफ्टी IT, FMCG और फार्मा इंडेक्स में कमजोरी का रुझान है।
एशियाई बाजारों में मिले-जुले रुझान के बीच आज घरेलू बाजार में कारोबार की फ्लैट शुरुआत हुई। सेंसेक्स 6 पॉइंट की कमजोरी के साथ 52,875 पर खुला। निफ्टी ने लगभग 20 पॉइंट नीचे 15,813 पॉइंट पर कमजोर शुरुआत दी। फिलहाल बाजार में चौतरफा खरीदारी का रुझान है। निफ्टी का मिड कैप लगभग 0.70% ऊपर है। स्मॉल कैप इंडेक्स में लगभग 0.40% की मजबूती है।
सोमवार को शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुए थे। सेंसेक्स 395 पॉइंट यानी 0.75% के उछाल के साथ 52,880 पर बंद हुआ था। निफ्टी 112 पॉइंट (0.71%) की मजबूती के साथ पिछले छह कारोबारी सत्रों में सबसे ऊपरी लेवल 15,834 पर रहा था। सेंसेक्स के 30 में से 24 शेयरों में मजबूती आई थी जबकि निफ्टी के 50 में से 36 शेयर बढ़त के साथ बंद हुए थे।
आज कारोबार की शुरुआत में वोलैटिलिटी इंडेक्स इंडिया VIX लगभग 1.75% उछल गया था लेकिन फिलहाल इसमें कमजोरी है। इसमें गिरावट का रुझान बताता है कि अगले 30 दिनों में निफ्टी सालाना आधार पर कितना बढ़ सकता है। इंडिया VIX में निचले स्तरों से बढ़ोतरी होना, बाजार में मजबूती कायम रहने के साथ हलचल बढ़ने का संकेत होता है।
FII और DII डेटा
NSE पर मौजूद प्रोविजनल डेटा के मुताबिक, शुक्रवार 5 जुलाई को विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने शुद्ध रूप से 338 करोड़ रुपए के शेयर बेचे थे। यानी उन्होंने जितने रुपए के शेयर खरीदे थे, उससे इतने ज्यादा रुपए के शेयर बेच दिए थे। घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने शुद्ध रूप से 645 करोड़ रुपए के शेयर खरीदे थे।
एशिया में मिला-जुला रुझान
एशिया के शेयर बाजारों में मिला-जुला रुझान है। जापान के निक्केई में लगभग 0.3% की मजबूती है। चीन के शंघाई कंपोजिट में लगभग 0.50% की कमजोरी है। हांगकांग के हैंगसेंग में लगभग 0.70% की गिरावट है। कोरिया के कोस्पी में लगभग 0.40% बढ़त के साथ कारोबार हो रहा है। ऑस्ट्रेलिया के ऑल ऑर्डनरी में लगभग 0.3% की कमजोरी है।
यूरोपीय बाजारों में मजबूती रही
सोमवार को यूरोपीय बाजारों में मिला-जुला रुझान रहा। ब्रिटेन के FTSE में 0.58% का उछाल आया। जर्मनी के DAX में 0.08% की मामूली मजबूती रही। CAC 0.22% की बढ़त के साथ बंद हुआ। हालांकि, अमेरिकी शेयर बाजार स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बंद रहे थे। शुक्रवार को डाओ जोंस 0.44% चढ़कर बंद हुआ था जबकि नैस्डैक में 0.81% की बढ़ोतरी हुई थी। S&P 500 में 0.75% की मजबूती रही थी।












