मुजफ्फरनगर। महापंचायत को लेकर किसानों का आना शुरू हो गया है। जिले के बॉर्डर को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सुबह से ही किसान महापंचायत के लिए पहुंचने शुरू हो गए हैं। पंचायत स्थल पर किसानों की अभी से भारी भीड़ नजर आ रही है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शाम तक भारी संख्या में किसान महापंचायत में शामिल होंगे।
उधर, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए हैं। लोगों की आवाजाही को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस फोर्स लगा दी गई है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। यहां पढ़ें किसान महापंचायत से संबंधित पल-पल के अपडेट-
लाइव अपडेट
10:58 AM, 05-SEP-2021
किसान महापंचायत में जुटे किसान व तैनात फोर्स – फोटो : अमर उजाला
हरियाणा बॉर्डर पर बढ़ाई गई सख्ती, सहारनपुर में शराब के सभी ठेके बंद
किसान महापंचायत को लेकर सहारनपुर जिले में भी पुलिस प्रशासन सतर्क है। हरियाणा बॉर्डर पर बड़ी संख्या में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। किसानों की वापसी के दौरान भी रहेगी पुलिस अधिकारियों की पैनी नजर रहेगी। उधर, जिला प्रशासन ने महापंचायत के चलते शहर के सभी शराब के ठेके बंद करा दिए हैं।
10:42 AM, 05-SEP-2021
किसान के सम्मान से सरकार को खतरा है: जयंत चौधरी
महापंचायत पर पुष्पवर्षा करने के लिए रालोद अध्यक्ष जयंत चौधरी को प्रशासन की तरफ से अनुमति नहीं दी गई, जिसके बाद उन्होंने ट्वीट कर कहा कि बहुत माला पहनी है मैंने, मुझे जनता ने बहुत प्यार और सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि मैं अन्नदाताओं पर पुष्पवर्षा कर किसानों को नमन और उनका सम्मान करना चाहता था। लेकिन प्रशासन ने इसके लिए अनुमति नहीं दी। इसके अलावा उन्होंने लिखा कि किसान के सम्मान से सरकार को खतरा है।
10:40 AM, 05-SEP-2021
भाजपा को रालोद की चुनौती
किसान महांपचायत में बागपत से करीब 15 हजार किसान पहुंचे हैं। किसान बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार व बाइकों पर सवार होकर आए हैं। रालोद नेता भी अपने समर्थकों के साथ महापंचायत में पहुंचे। उनका कहना है कि भाजपा सरकार आगामी चुनाव में किसानों का उत्पीड़न करने का खामियाजा भुगतेगी।
10:36 AM, 05-SEP-2021
किसानों को दिया जा रहा नाश्ता
मुजफ्फरनगर किसान महापंचायत में पहुंचने वाले किसानों को जानसठ रोड पर भंडारा लगाकर नाश्ता दिया जा रहा है। चौधरी चरण सिंह मार्केट के सामने पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष शामली प्रसन्न चौधरी ने किसान ढाबे का उद्घाटन किया। उनके साथ रालोद जिलाध्यक्ष प्रभात तोमर, रालोद नेता कृष्णपाल राठी व अन्य मौजूद रहे।
10:32 AM, 05-SEP-2021
नजर आ रही किसानों की भारी भीड़
किसान महापंचायत के लिए सुबह से ही किसान निकलना शुरू हो गए। वहीं पंचायत स्थल पर किसानों की अभी से भारी भीड़ नजर आ रही है। अंदाजा लगाया जा रहा है कि शाम तक भारी संख्या में किसान महापंचायत में शामिल होंगे। उधर, प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के चाक चौबंद इंतजाम किए हैं।
09:58 AM, 05-SEP-2021
महापंचायत को लेकर आबकारी विभाग अलर्ट
महापंचायत को लेकर आबकारी विभाग भी अलर्ट हो गया है। शासन से निर्देश मिलने के बाद जिला आबकारी अधिकारी आलोक कुमार की ओर से भी सभी लाइसेंसियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि सभी लाइसेंसी दुकानदारों को हिदायत दी गई है कि वह परिस्थिति को ध्यान में रखते हुए दुकान खोलें। कहीं किसी तरह की विपरीत स्थिति बनती है तो तत्काल दुकान बंद कर दें और वीडियोग्राफी कराएं। उन्होंने बताया कि विभागीय टीमों को भी सक्रिय कर दिया गया है। वह भी संभावित स्थानों पर वर्दी में मौजूद रहकर अपनी ड्यूटी निभाएंगे।
09:48 AM, 05-SEP-2021
किसानों के स्वागत के लिए वॉलंटियर्स तैनात
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रेस प्रभारी शमशेर राणा ने बताया कि किसानों के स्वागत के लिए यूपी गेट से मुजफ्फरनगर तक रास्ते में पड़ने वाले सभी गांवों में वॉलंटियर्स तैनात किए गए हैं। उनके स्वागत में कोई कमी न रह जाये इसके लिए मुजफ्फरनगर में खाने तथा जलपान के करीब 600 भण्डारे लंगर की व्यवस्था की गई है। साथ ही चिकित्सा सुविधा हेतु 20-25 मेडिकल कैंप लगाए गए हैं। साथ ही यह भी ध्यान रखा गया है कि इस गैर राजनीतिक राष्ट्रीय महापंचायत में कोई भी राजनीतिक दल का नेता संबोधित न करें।
09:43 AM, 05-SEP-2021
तैयार किया गया यातायात प्लान
महापंचायत के लिए जिला प्रशासन ने भाकियू नेताओं के साथ विचार-विमर्श कर शहर का यातायात प्लान तैयार किया है। इसके लिए शहर में आईटीआई कॉलेज का मैदान, नुमाइश मैदान, इस्लामिया इंटर कॉलेज का मैदान, डीएवी इंटर कॉलेज का मैदान, रेलवे यार्ड और कूकड़ा नवीन मंडी स्थल पर वाहनों को खड़ा करने के लिए निर्धारित किए गए हैं।
09:35 AM, 05-SEP-2021
टिकैत बोले- आज लिया जाएगा बड़ा फैसला
भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता चौधरी राकेश टिकैत ने एलान किया है कि महापंचायत में एक बड़ा फैसला लिया जाएगा। टिकैत ने कहा कि केंद्र सरकार को भारतीय जनता पार्टी की सरकार न कह कर इसे मोदी सरकार कहा जाए तो बेहतर होगा। इस सरकार ने जो तीन कृषि कानून पास किए हैं। वह किसानों के हक में नहीं है। यह कानून पूरी तरह से देश को विदेशी हाथों में सौंपने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि तीन कृषि कानूनों के विरोध में किसान 9 महीने से दिल्ली के चारों तरफ बैठे हैं, लेकिन सरकार किसानों की सुनवाई नहीं कर रही है।
09:28 AM, 05-SEP-2021
शनिवार रात से ही जारी है किसानों की आवाजाही
महापंचायत के लिए शनिवार रात से ही बड़ी संख्या में किसानों की आवाजाही मुरादाबाद, संभल, बुलंदशहर, हापुड़, मेरठ समेत कई जनपदों से जारी है। देर रात तक जिले के बॉर्डर पर पुलिस फोर्स मुस्तैद की गई है, जिससे किसानों को कोई परेशानी न हो। बताया गया कि किसानों की सुरक्षा के मद्देनजर एसएसपी ने शनिवार रात में खुद ही बॉर्डर पर जाकर जांच की और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों से बात भी की थी। एसएसपी प्रभाकर चौधरी का कहना है कि पुलिस का ज्यादा फोकस मुजफ्फरनगर जाने वाले मार्ग पर है। इसको देखते हुए ही पुलिस की ड्यूटी लगाई है।
09:12 AM, 05-SEP-2021
मुजफ्फरनगर में महापंचायत: जुटने लगी किसानों की भीड़, जयंत चौधरी बोले- हमारे सम्मान से सरकार को खतरा
बॉर्डर पर कड़ी सुरक्षा के इंतजाम
जिले के बॉर्डर पर सुरक्षा के मद्देनजर सरधना, मवाना, किठौर, सीओ सदर देहात पुलिस फोर्स के साथ लगाए हैं। वहीं, एसपी सिटी, सीओ ब्रह्मपुरी व सीओ दौराला को परतापुर व दौराला टोल प्लाजा पर तैनात किया गया है। 14 इंस्पेक्टर, 35 दरोगा, 31 महिला कांस्टेबल, 30 पुलिसकर्मी ट्रैफिक पुलिस, 30 होमगार्ड, 133 कांस्टेबल व एक कंपनी पीएसी को तैनात किया जाएगा।










