लखनऊ। कांग्रेस महासचिव व यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी शुक्रवार को अचानक राजधानी की मलिन बस्ती लवकुश नगर पहुंचीं और झाड़ू लगा कर एक ‘झाड़ू’ से कई निशाने साधे। उन्होंने वहां सफाई कर्मियों से बात करते हुए कहा कि कुछ लोगों ने कहा है कि प्रियंका गांधी को यूपी की जनता ने झाड़ू लगाने लायक ही छोड़ा है। ये मेरा नहीं आपका अपमान किया गया है।
लवकुश नगर में सफाई कर्मचारियों से बात करते हुए कहा कि हमारे देश में करोड़ों महिलाएं-बहन-भाई रोज झाड़ू लगाने का काम करते हैं, वे सफाई कर्मचारी हैं। सड़कों की सफाई करती हैं। मैं यहां यही कहने आई हूं कि जो भी काम करो, स्वाभिमान से करो। जो गलत मानसिकता रखते हैं, उनको सिखाने आई हूं कि सब काम स्वाभिमान से किए जाते हैं। मेरी बहनों के बारे में ऐसा कहना गलत है। आपका अपमान करेंगे तो उनको भुगतना पड़ेगा।
बहराइच से गुरुवार को देर रात लौटी प्रियंका गांधी दोपहर तीन बजे के बाद अचानक राजधानी की मलिन बस्ती में पहुंचीं और वहां के वाल्मीकि मंदिर परिसर को झाड़ू लगा कर साफ किया। दरअसल, सीतापुर गेस्ट हाउस में प्रियंका ने जब झाडू लगाई थी तो गोरखपुर में इस पर मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, ‘लोगों ने उन्हें इसी लायक छोड़ा है’।
इसका जवाब उन्होंने वाल्मीकि मंदिर में झाड़ू लगा कर दिया। इस दौरान वह शहर कांग्रेस सचिव रितेश वाल्मीकि के घर भी गईं। कोरोना संक्रमित होने के बाद पिछले दिनों रितेश की हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। प्रियंका के साथ पार्टी के वरिष्ठ नेता पीएल पुनिया भी थे।