कोविंद, वेंकैया नायडू और मोदी ने दी राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं

नई दिल्ली। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने सोमवार को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हमें देश के वैज्ञानिक समुदाय पर गर्व है।
प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत की उपलब्धियां को लेकर 11 मई को राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस के रूप में मनाया जाता है। 1998 में इसी दिन राजस्थान के पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण के बाद भारत परमाणु क्लब में शामिल होने वाला छठा देश बना था। इतना ही नहीं इसी दिन भारत ने स्वदेश निर्मित हंस-3 एयरक्राफ्ट और शॉर्ट रेंज मिसाइल त्रिशूल का भी सफल परीक्षण किया था।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपने ट्वीट संदेश में कहा, ‘1998 के परमाणु परीक्षणों की वर्षगांठ पर मनाए जाने वाले राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर सभी देशवासियों को बधाई। इस अवसर पर हम राष्ट्र को आत्मनिर्भर बनाने में वैज्ञानिक समुदाय के अतुलनीय योगदान की सराहना करते हैं।’ उन्होंने कहा कि हम विज्ञान और प्रौद्योगिकी को समावेशी विकास के प्रमुख माध्यमों के रूप में देखते हैं। हमारे वैज्ञानिक और प्रौद्योगिकीविद् कोविड-19 के खिलाफ वैश्विक लड़ाई के मोर्चे पर जिस प्रकार युद्धरत हैं, उस पर सभी देशवासियों को गर्व है।
उपराष्ट्रपति एम. वेंकैया नायडू राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा, आज ही के दिन 1998 में भारत ने पोखरण में सफल परमाणु परीक्षण किए थे। स्वदेशी विमान हंस-3 ने उड़ान भरी थी और त्रिशूल मिसाइल का सफल परीक्षण किया था। हमें अपने देश के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों पर गर्व है। वेंकैया ने कहा, मेरा देश के वैज्ञानिकों और इंजीनियरों से आग्रह है कि वो कोरोना महामारी का सामना करने के लिए नये उपाय खोजें और आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाने के प्रयास करें।
प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट संदेश में कहा, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस पर हमारा राष्ट्र उन सभी को नमन करता है जो दूसरों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रौद्योगिकी का उपयोग कर रहे हैं। हमें इस दिन 1998 में अपने वैज्ञानिकों की असाधारण उपलब्धि याद है। यह भारत के इतिहास में एक ऐतिहासिक क्षण था।
Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here