जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान में मंगलवार सुबह हालात सामान्य हैं। इससे पहले सोमवार रात करीब 9 बजे पाकिस्तान ने लगातार तीसरे दिन सीजफायर का उल्लंघन किया। जम्मू कश्मीर के सांबा, पंजाब के जालंधर, पठानकोट और राजस्थान के बाड़मेर में ड्रोन नजर आए।
एयर डिफेंस सिस्टम ने सांबा और पठानकोट में ड्रोन मार गिराए जबकि पंजाब के होशियारपुर में धमाके सुनाई दिए। इसके बाद भारतीय सेना ने रात 11:30 बजे बताया कि फिलहाल किसी दुश्मन के ड्रोन की सूचना नहीं है। स्थिति शांत और पूरी तरह नियंत्रण में है।
उधर, सोमवार शाम 5 बजे भारत-पाकिस्तान के डायरेक्टर जनरल ऑफ मिलिट्री ऑपरेशन्स (DGMO) के बीच बात हुई। इसमें तय किया गया कि दोनों तरफ से एक भी गोली नहीं चलाई जाएगी।
दोनों देशों के बीच 10 मई (शनिवार) को शाम 5 बजे से सीजफायर लागू हो चुका है। पिछले तीन दिन से देश की तीनों सेनाओं के DG ऑपरेशन्स ऑपरेशन सिंदूर से जुड़ी जानकारी दे रहे हैं।
7 मई को ऑपरेशन सिंदूर की शुरुआत से अब तक पाकिस्तानी गोलाबारी में 5 आर्मी और 2 BSF के जवान शहीद हो चुके हैं, 60 घायल हैं। इसके अलावा 27 सिविलियंस की भी जान गई है।
तीन राज्यों में कल फिर ड्रोन दिखे, 3 तस्वीरें

जम्मू-कश्मीर के सांबा में एक घर पर पाकिस्तानी ड्रोन गिरा, जिससे घर को नुकसान पहुंचा है।

एयर डिफेंस सिस्टम ने पंजाब के पठानकोट से जालंधर की तरफ बढ़ रहे ड्रोन होशियारपुर में मार गिराए।

राजस्थान के बाड़मेर में पाकिस्तानी ड्रोन नजर आए, सेना ने इन्हें मार गिराया।













