शशि थरूर का बयान अंतरराष्ट्रीय मीडिया में खासा चर्चा में

पाकिस्तान की आतंकी गतिविधियों को बेनकाब करने के लिए विदेश दौरे पर गए कांग्रेस सांसद शशि थरूर का एक बयान इन दिनों अंतरराष्ट्रीय मीडिया में खासा चर्चा में है।

Advertisement

थरूर ने पाकिस्तान पर निशाना साधते हुए कहा कि अब भारत महात्मा गांधी के सिद्धांतों की आड़ में “दूसरा गाल” आगे नहीं करेगा, बल्कि हर हमले का माकूल जवाब देगा। उनके इस बयान की सोशल मीडिया पर जमकर सराहना हो रही है।

पनामा में बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे शशि थरूर ने बुधवार को भारतीय दूतावास द्वारा आयोजित एक कार्यक्रम में यह बयान दिया। उन्होंने आतंकवाद के खिलाफ भारत की स्थिति को स्पष्ट करते हुए कहा: “महात्मा गांधी ने हमें यह सिखाया कि हमें बिना किसी डर के जीना चाहिए और अपने अधिकारों व मूल्यों के लिए हमेशा खड़े रहना चाहिए। आज भारत को उन दुष्ट लोगों के खिलाफ लड़ना है जिन्हें दुनिया आतंकवादी कहती है, लेकिन जो यह सोचते हैं कि हमारे देश में आकर निर्दोष लोगों की हत्या करके और फिर भागकर वे कोई बड़ा राजनीतिक या धार्मिक लक्ष्य हासिल कर लेंगे।”

थरूर ने गांधीजी के आदर्शों की चर्चा करते हुए यह भी कहा कि अब समय आ गया है कि भारत आतंक के हर वार का जवाब दृढ़ता से दे।

ऑपरेशन सिंदूर के बारे में आगे बोलते हुए थरूर ने भारत के ऑपरेशन के दौरान मारे गए आतंकवादियों का अंतिम संस्कार करने के लिए पाकिस्तानी सेना की आलोचना की.

थरूर ने कहा कि, “जब हमने आतंकी मुख्यालय पर हमला किया, तो कुछ लोग मारे गए और निश्चित रूप से इनका अंतिम संस्कार भी किया गया. उस अंतिम संस्कार में कुछ बहुत ही प्रमुख लोग मौजूद थे, कम से कम एक व्यक्ति ऐसा था जिसका नाम संयुक्त राष्ट्र प्रतिबंध समिति द्वारा सूचीबद्ध किया गया था. वे पाकिस्तानी सेना और पुलिस के सबसे उच्च स्तर के वर्दीधारी लोग थे जो आतंकवादियों के अंतिम संस्कार में शोक मना रहे थे.

उन्होंने कहा कि यह वह देश है जो अब कहता है कि हम निर्दोष हैं. हमने ऐसा नहीं किया. आप उन लोगों के लिए शोक नहीं मनाते जिन्हें आप नहीं जानते।

कांग्रेस सांसद ने पाकिस्तान के पहलगाम हमले का मकसद बताते हुआ कहा कि, “यह आतंकवादी कार्रवाई उन कुटिल उद्देश्यों की पूर्ति के लिए की गई थी, जिन्हें दुर्भाग्य से केवल पाकिस्तानी सेना हमारे देश को कमजोर करने, कश्मीरी अर्थव्यवस्था को कमजोर करने के लिए करना चाहती है, जो पर्यटन के कारण फल-फूल रही थी। “”गौरतलब है कि इस समय केंद्र सरकार ने सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल विदेश दौरे पर भेजा है, जो विभिन्न देशों में जाकर भारत का पक्ष रख रहा है और यह बता रहा है कि आतंकवाद के खात्मे के लिए भारत सख्त कदम उठा रहा है।”

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here