घर फूटे गवांर लूटे…तो क्या तेजस्वी का ‘तेज’ मिटाने निकल पड़े तेजप्रताप?

पटना: कई किरदारों के साथ जिंदगी को जीने वाले तेजप्रताप यादव अब जिस नए किरदार में आने वाले हैं, उससे राजद के रणनीतिकारों की नींद उड़ गई है। क्या जिस शिक्षा को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव लगातार ट्रोल हो रहे हैं, यह उसके विरुद्ध तेजप्रताप यादव की अगली मुहिम तो नहीं? यह सवाल इसलिए भी महत्वपूर्ण बन गया है कि बीजेपी के कुछ कद्दावर नेता तेजप्रताप के पक्ष में कसीदे गढ़ने लगे हैं। राजद नेता तेजस्वी यादव के विरुद्ध तेजप्रताप यादव का महिमामंडन कहीं बीजेपी की सोची समझी राजनीति का तो हिस्सा तो नहीं?

Advertisement

किरदार के लिए चर्चित होते तेजप्रताप?

तेजप्रताप अपने कई किरदारों के कारण अक्सर चर्चा में रहते हैं। कभी घुड़सवार तो कभी बाइकर बन युवाओं के बीच चर्चित होते तेज प्रताप का जीने का अपना एक अलग अंदाज रहा है। राजनीति में भी आए तो राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के फोटो कॉपी की तरह। उनके संबोधन में राजद सुप्रीमो की तरह हलका फुल्का हास्यरस तो रहता ही है, पर भड़के तो एंग्री मैन बनते भी देर नहीं लगते। वह मंच हो या सदन बाहें फड़कने लगती हैं और जुवान बेकाबू।

संन्यासी की भूमिका में आए तो वही धैर्य। भेष पकड़ा तो कभी कृष्ण बन गए तो कभी बाबा भोला बन गए। अपने इस स्वरूप से राजनीतिक जगत में सबसे ज्यादा चर्चित भी होते रहे। गाहे बगाहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की राजनीति का संवाहक तेजप्रताप ही माने जाते रहे। वहीं तेजस्वी यादव को थोड़ा रिफाइंड नेता के रूप देखा जाता है।

पायलट की भूमिका में तेजप्रताप

तेजस्वी से ज्यादा सुलभ होते तेजप्रताप यादव अब राजनीति के उस ऊंची उड़ान की तरफ बढ़ चले हैं, जहां तेजस्वी की तरह शिक्षा को लेकर ट्रोल होना न पड़े। राजद की जमीनी राजनीति से दरकिनार किए गए तेजप्रताप अब हवाओं में लहराने का फैसला करते आकाश से बात करेंगे। तकनीकी शिक्षा में एक मुकाम पाकर सामाजिक न्याय की राजनीति के लिए अपने पिता लालू यादव की तरह एक पढ़े लिखे नेता के रूप में बतौर एक विकल्प बनकर राजनीति की नई पारी खेलेंगे।

बीजेपी की मंशा क्या?

यह कोई पहली बार नहीं बल्कि, राजनीति के जानकारों की माने तो बीजेपी एक तयशुदा रणनीति के तहत यह बताने में लगा है कि लालू प्रसाद के रियल राजनीतिक की झलक तेज प्रताप में मिलती है। हाल ही में बिहार सरकार के मंत्री मंत्री नीरज कुमार बबलू ने तेज प्रताप यादव को बहुमुखी प्रतिभा वाला राजनेता बताया है। तेज प्रताप को लालू परिवार का सबसे टैलेंटेड सदस्य बताया। साथ ही यह भी कहा कि तेज प्रताप के साथ उनके परिवार में नाइंसाफी हुई है।

बीजेपी की राजनीतिक मुहिम है: प्रवीण बागी

वरिष्ठ पत्रकार प्रवीण बागी का मानना है कि यह बीजेपी की राजनीतिक मुहिम लगती है। एक कहावत है घर फूटे गवांर लूटे। बीजेपी इसी राह पर चल रही है। तेजप्रताप को लेकर मंत्री नीरज बबलू ने जो भी कसीदे पढ़े हैं उसकी मंशा राजद के भीतर ही नेतृत्व पैदा करना है। भाजपा की नीति वैसे भी वोट विभाजन कर आपने लिए जीत सुनिश्चित करना। लेकिन जिस बात को लेकर बीजेपी तेज प्रताप का पक्ष ले रही है उसमें सत्यता भी है। इसमें कोई शक नहीं कि तेज प्रताप में लालू यादव की राजनीति का स्पार्क तो है। बस, इसी बात को राजद समर्थकों के बीच बीजेपी एक रणनीति के तहत परोसना चाहती है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here