सासाराम (रोहतास)। SIR के विरोध में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत महागठबंधन के कई नेता वोटर अधिकार यात्रा शुरू कर रहे हैं। रोहतास जिले के डेहरी स्थित सुअरा हवाई अड्डे से रविवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव वोटर अधिकार यात्रा शुरू कर रहे हैं।
सुअरा हवाई अड्डे पर आम सभा के लिए विशाल पंडाल का निर्माण किया गया है। इससे पहले वे 11:45 बजे सासाराम स्थिति एस पी जैन कॉलेज में हेलीकॉप्टर से उतरेंगे और वहां से लगभग 12 किलोमीटर दूरी पर स्थित सुअरा हवाई अड्डा के लिए प्रस्थान करेंगे।
पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने कहा कि राहुल गांधी भारत की जनता की आवाज़ बनने के लिए 10,000 किलोमीटर पैदल चले हैं, वे युवाओं की बात करते हैं। राहुल गांधी संविधान की रक्षा के लिए निकले हैं, वे राजनीतिक फायदा-नुकसान के लिए नहीं निकले हैं। राहुल गांधी नफरत मिटाने, चुनाव आयोग की लूट रोकने, किसानों के कल्याण और युवाओं के रोज़गार के लिए निकले हैं।
EC अंपायर नहीं, खिलाड़ी बन गया है- मनोज झा
RJD नेता मनोज झा ने मतदाता अधिकार यात्रा पर कहा कि चुनाव आयोग अंपायर नहीं, खिलाड़ी बन गया है। कल चुनाव आयोग ने सफाई देते हुए कहा कि उन्होंने हमें पहले नहीं बताया। आप सुनते कहां हैं? ये (मतदाता अधिकार यात्रा) जो बिहार से शुरू हुआ अलग-अलग राज्यों में होगा क्योंकि मतदाताओं का उन लोगों से विश्वास उठ गया है, जो इतने महत्वपूर्ण निकायों में नियुक्तियां करते हैं।
‘कंस की तरह इनका भी नाश होगा’- गिरिरज सिंह
केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने राहुल गांधी और तेजस्वी यादव की मतदाता अधिकार यात्रा पर कहा कि ये लोग कंस की राह पर चल रहे हैं। जन्माष्टमी के अवसर पर मैं कहूंगा कि कंस का नाश कृष्ण ने किया। यहां भी कुछ कंस है और जन्माष्टमी के अवसर पर उसका नाश निश्चित है।
12 बजे से वोटर अधिकार यात्रा सभा को संबोधित करेंगे और यात्रा को झंडी दिखा शुभारंभ करेंगे। दो बजे हवाई अड्डे से वोटर अधिकार यात्रा रवाना होगी, जो डेहरी के अंबेडकर चौक, डेहरी बाजार, पाली रोड होते सीमावर्ती औरंगाबाद जिले के बरुण में प्रवेश करेगी ।
डेहरी शहर का मुख्य मार्ग इंडिया गठबंधन के बैनर, पोस्टर व तोरण द्वार से पट गया है। यात्रा में राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के अलावा मल्लिकार्जुन खरगे, सीपीएमएल के दीपांकर भट्टाचार्य, सीपीआई के डी राजा, सीपीएम के एमए बेबी, वीआईपी के मुकेश साहनी भी शामिल होने वाले हैं।













