बलिया: बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं पर उनके लखनऊ आवास पर हंगामा करने और उनकी नाबालिग बेटी को डराने का गंभीर आरोप लगाया है। विधायक ने कहा कि वह सपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ एफआईआर करेंगी। इस घटना से नाराज केतकी सिंह ने यह भी कहा कि उनकी बेटी की ओर समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने आंख उठाई तो आंख वह निकाल लेंगी।
बलिया की बांसडीह विधायक केतकी सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के कार्यकर्ताओं की ओर से उनके लखनऊ स्थित आवास पर हंगामा करने पर मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए गुस्सा जाहिर किया। केतकी सिंह ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर सरकारी टोटियों का हिसाब मांगने वाले अपने बयान के बाद हुए इस हंगामे पर तीखी प्रतिक्रिया दी।
उन्होंने कहा कि उनकी बेटी डर के कारण स्कूल नहीं जा पा रही है। वह इस मामले में एफआईआर दर्ज कराएंगी। विधायक ने कहा कि वह विधायक बाद में है।पहले वह मां है। उनकी बेटी की तरफ किसी ने आंख उठाई तो वह उसकी आंख निकाल लेंगी। अगर इनकी (समाजवादी पार्टी) की सरकार आएगी, तो क्या बेटियां स्कूल जा पाएंगी? केतकी सिंह ने कहा कि वह जिंदा है। उन्होंने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं को खुली चुनौती देने वाले अंदाज में कहा कि समाजवादी पार्टी के लोग उनसे लड़ें।उनकी बेटी को क्यों डराया गया। उन्होंने सपा कार्यकर्ताओं को चेतावनी दी कि वह अपनी बेटी को खुद स्कूल लेकर जाएंगी और कोई भी रोकने की हिम्मत न करे।
विधायक ने यह भी कहा कि उनकी बेटी में भी क्षत्राणी का खून है।वह डरने वाली नहीं। लेकिन इस घटना ने उनके दोनों बच्चों में डर का माहौल पैदा कर दिया है। उनकी बेटियां पूछ रही हैं कि क्या वे स्कूल जा सकती हैं। केतकी सिंह ने अपनी बेटी की सुरक्षा की मांग की और कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ उनकी बेटी की सुरक्षा सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उन्होंने अपने आवास पर हंगामा करने वालों के खिलाफ आमने-सामने की लड़ाई लड़ने की बात कही।
केतकी सिंह ने सपा पर हमला बोलते हुए कहा कि अब से वह टोटी का हिसाब रोज मांगेगी। वह न पहले किसी से डरी, न आज डरती है। सपा अपनी गंदी मानसिकता दिखा रही है। इस घटना ने बलिया से लखनऊ तक सियासी हलचल तेज कर दी है, और यह मामला अब कानूनी और राजनीतिक मोड़ ले चुका है।
बताते चले कि बलिया की बांसडीह विधानसभा से बीजेपी विधायक केतकी सिंह ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा था कि वह पहले सरकारी टोटियों का हिसाब दें।जिसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने लखनऊ में उनके गुलिस्ता कॉलोनी स्थित आवास पर प्रदर्शन किया। इस दौरान केतकी सिंह घर पर नहीं थीं। लेकिन उनकी 16 वर्षीय बेटी घर पर अकेली थीं। सपा कार्यकर्ताओं ने टोटियां लेकर नारेबाजी की, जिससे उनकी बेटी भयभीत हो गई।












