लखनऊ। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कानून-व्यवस्था से लेकर शिक्षा,स्वास्थ्य और खाद की उपलब्धता में प्रदेश सरकार पर निशाना साधा है। सपा प्रमुख ने कहा कि कानून-व्यवस्था पर इस सरकार का जीरो टालरेंस का दावा जीरो हो चुका है। हत्या, लूट, बलात्कार की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है। राजधानी लखनऊ भी आपराधिक घटनाओं से सुरक्षित नहीं है।
उन्होंने भाजपा पर प्रदेश को अराजकता में धकेलने का आरोप लगाते हुए कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा सेवाएं बर्बाद हो चुकी है। किसानों के लिए खाद-बीज की व्यवस्था नहीं है। भ्रष्टाचार, लूट और बेईमानी चरम पर है।
सपा प्रमुख ने कहा कि भाजपा सरकार हर मामले में विफल हो गई है, उसके सारे वादे खोखले साबित हो रहे हैं। अपराध पर अंकुश नहीं लग रहा। 24 घंटे में तीन हत्याओं से लखनऊ दहल गया। राजधानी की तरह तमाम जिलों में हर रोज हत्या, लूट की घटनाएं हो रही हैं। महिलाएं और बेटियां सुरक्षित नहीं है। यही हाल स्वास्थ्य विभाग का है। अस्पतालों में दवा, इलाज नहीं मिल रहा है। सरकार की नीतियों से परेशान होकर बड़े-बड़े मेडिकल संस्थानों के डॉक्टर इस्तीफा दे रहे हैं। किसानों को फसलों के लिए डीएपी, यूरिया नहीं मिल पाई है।
महीनों से किसान सहकारी समितियों पर लाइनों में दिन-दिन भर खड़ा रहा, लेकिन खाद नहीं मिली। सरकार ने किसानों को खाद की व्यवस्था करने के बदले पुलिस से लाठियाें से पिटवाया। जनता, चुनावों में इसका उत्तर देगी।












