नई दिल्ली। सीपी राधाकृष्णन ने शुक्रवार को उपराष्ट्रपति की शपथ ले ली है। सीपी राधाकृष्णन देश के 15वें उपराष्ट्रपति बने हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राधाकृष्णन को राष्ट्रपति भवन में उपराष्ट्रपति पद की शपथ दिलाई।
दरअसल, सीपी राधाकृष्णन ने मंगलवार को हुए उपराष्ट्रपति चुनाव में संयुक्त विपक्षी उम्मीदवार बी सुदर्शन रेड्डी को हराकर जीत हासिल की। बता दें कि यह चुनाव पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ के 21 जुलाई को अचानक इस्तीफे के बाद आयोजित किया गया था।
देश के 15वें उपराष्ट्रपति बने राधाकृष्णन
एनडीए उम्मीदवार राधाकृष्णन को मंगलवार को भारत के 15वें उपराष्ट्रपति के रूप में चुना गया। चुनाव के बाद राज्यसभा के महासचिव और निर्वाचन अधिकारी पीसी मोदी ने परिणाम घोषित करते हुए बताया कि 781 सांसदों में से 767 ने मतदान किया, जिससे 98.2 प्रतिशत मतदान दर्ज हुआ।
पूर्व उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ इस्तीफे के बाद पहली बार किसी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर आए हैं। वह नए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन के शपथ ग्रहण समारोह में अपनी पत्नी के साथ पहुंचे हैं। बता दें कि उपराष्ट्रपति पद से इस्तीफा देने के बाद से जगदीप धनखड़ किसी भी सार्वजनिक कार्यक्रम में नजर नहीं आए थे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी सहित कई विपक्षी दलों के नेता उनके ‘गायब’ रहने को लेकर लगातार सवाल उठा रहे थे।
दरअसल, राहुल गांधी ने धनखड़ के ‘लापता’ होने पर सवाल उठाते हुए कहा था कि वह कहां ‘छिपे’ हुए हैं। आखिर पूर्व राष्ट्रपति ‘पूरी तरह से चुप’ क्यों हो गए हैं। धनखड़ के (उपराष्ट्रपति) पद छोड़ने के पीछे एक ‘कहानी’ है। देश के पूर्व उपराष्ट्रपति ऐसी स्थिति में क्यों हैं, जहां ‘वह एक शब्द भी नहीं बोल सकते’ और ‘उन्हें छिपना पड़ रहा है।’












