यूक्रेन जीत सकता है सारी जमीन… जेलेंस्की से मुलाकात के बाद ट्रंप का बड़ा बयान

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने यूक्रेन में जारी युद्ध को लेकर कड़ी टिप्पणी की और कहा कि अमेरिका और नाटो के समर्थन से यूक्रेन अपने खोए हुए क्षेत्र को फिर से हासिल कर सकता है। अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर पोस्ट में ट्रंप ने रूस के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर की और उसे कागजी शेर बताया।

Advertisement

ट्रंप की टिप्पणी न्यूयॉर्क में यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की से मुलाकात के बाद आई है। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि यूक्रेन के लोगों में महान उत्साह है और वे लगातार बेहतर होते जा रहे हैं। ट्रंप ने लिखा, मुझे लगता है कि यूरोपीय यूनियन के सहयोग से यूक्रेन लड़ाई लड़ने और यूक्रेन को अपने मूल रूप में जीतने की स्थिति में है।

रूस को बताया कागजी शेर

ट्रंप ने यह भी सुझाव दिया कि यूक्रेन संभावित रूप से अपने युद्ध-पूर्व क्षेत्र को फिर से हासिल करने से भी आगे जा सकता है। ट्रंप ने तर्क दिया कि रूस के युद्ध प्रयासों ने उसकी ताकत की बजाय कमजोरियों को उजागर किया है। उन्होंने लिखा, ‘रूस साढ़े 3 साल से बिना किसी उद्देश्य के लड़ रहा है। एक ऐसा युद्ध जिसे जीतने में एक वास्तविक सैन्य शक्ति को एक हफ्ते से भी कम समय लगना चाहिए था। यह रूस को अलग नहीं बना रहा है। वास्तव में, यह उन्हें कागजी शेर जैसा बना रहा है।’

ट्रंप ने यह भी कहा कि रूस के भीतर जनता का अंसतोष निर्णायक साबित हो सकता है। उन्होंने लिखा, ‘जब मॉस्को और रूस के सभी बड़े शहरों, कस्बों और डिस्ट्रिक्ट में रहने वाले लोगों को पता चलेगा कि इस युद्ध में वास्तव में क्या हो रहा है, तब यूक्रेन अपने देश को उसके मूल स्वरूप में ला सकेगा और कौन जाने, शायद उससे भी आगे बढ़ जाए।’ ट्रंप ने मॉस्को की आर्थिक मुश्किलों की तरफ भी इशारा किया और पेट्रोल पंप पर लंबी लाइनों को इसका सबूत बताया।

यूक्रेन के लिए कार्रवाई का सही समय

ट्रंप ने कहा, पुतिन और रूस बड़ी आर्थिक मुश्किल में हैं और यूक्रेन के लिए यही समय है कि वह कार्रवाई करे। ट्रंप ने संघर्ष की स्थिति में अमेरिका की भूमिका पर भी बात की और कहा कि उनका देश नाटो को हथियार देना जारी रखेगा, ताकि ‘नाटो उनके साथ जो करना चाहे कर सके।’ उन्होंने हालांकि, पोस्ट को नरमी के साथ समाप्त किया और कहा कि ‘किसी भी स्थिति में, मैं दोनों देशों के लिए शुभकामनाएं देता हूं।’

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here