बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के पहले चरण की वोटिंग को लेकर चुनाव आयोग ने अपना अंतिम आंकड़ा जारी कर दिया है। ताज़ा रिपोर्ट के मुताबिक, पहले फेज में कुल 65.8 प्रतिशत मतदान हुआ है। पहले यह आंकड़ा 64.6 फीसदी बताया गया था, लेकिन अब इसमें 1.2 प्रतिशत का इजाफा हुआ है।
इस सीटों पर ज्यादा वोटिंग
चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार, इस चरण में सबसे ज्यादा वोटिंग मीना पुर सीट पर दर्ज की गई, जहां 77.62 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अलावा बोचहां (76.35%), कुढ़नी (75.63%), सकरा (75.35%), और उजियारपुर (73.99%) भी शीर्ष मतदान वाली सीटों में शामिल रहीं।
इसी तरह कल्याणपुर (73.62%), बरूराज (73.50%), सरायरंजन (73.33%), पारू (72.62%), और समस्तीपुर (72.12%) में भी उत्साहजनक मतदान देखा गया। ये वे टॉप 10 सीटें हैं, जहां मतदाताओं ने लोकतंत्र के इस महापर्व में सबसे बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
10 सीटें जहां सबसे कम वोटिंग
वहीं, पहले चरण में कुछ विधानसभा सीटों पर मतदान प्रतिशत अपेक्षाकृत कम रहा। आंकड़ों के मुताबिक, दरौंदा (58.90%), छपरा (58.61%), दानापुर (58.52%), और एकमा (58.35%) में वोटिंग का रुझान मध्यम रहा। इसके बाद ज़िरादेई (57.17%), शाहपुर (57.11%), और दरौली (57.00%) में भी मतदान 60 फीसदी से नीचे दर्ज किया गया।
सबसे कम मतदान वाले क्षेत्रों में बिहारशरीफ (55.09%), दीघा (41.40%), और कुम्हरार (39.57%) शामिल हैं। खासतौर पर कुम्हरार सीट पर मतदान का प्रतिशत सबसे निचले स्तर पर रहा, जहां कुल मतदाताओं में से सिर्फ 39.57% लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
री-पोल की नौबत नहीं
Scrutiny में सभी जिलों में कुल 83 अभ्यर्थी एवं 385 निर्वाचन अभिकर्ता शामिल हुए। इस तरह से यह कुल संख्या 468 रही। किसी भी मतदान केंद्र से पुनः मतदान (री-पोल) की कोई आवश्यकता नहीं पाई गई है तथा इस संबंध में कोई प्रतिकूल रिपोर्ट प्राप्त नहीं हुई है।
मतदान में उपयोग किए गए सभी EVM (बैलेट यूनिट, कंट्रोल यूनिट एवं VVPAT सहित) को त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था के साथ संबंधित विधानसभा क्षेत्रों के स्ट्रॉन्ग रूम में विधिवत रूप से सील कर सुरक्षित कर दिया गया है। इसके अलावा 24 X 7 CCTV आदि प्रावधान सुनिश्चित किये गये हैं।
प्रत्याशी कर सकते हैं EVM की निगरानी
मॉक पोल के दौरान खराब पाये गये एवं सुरक्षित बची हुई अन्य EVM एवं VVPAT को आयोग के निदेशानुसार दूसरी जगह चिन्हित स्ट्रांग रूम में निर्धारित सुरक्षा व्यवस्था के साथ रखा गया है।
चुनाव लड़ने वाले सभी प्रत्याशियों को लिखित रूप से सूचित किया गया है कि वे अपने प्रतिनिधियों को Polled EVM Strong Room की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी हेतु नियुक्त कर सकते है, उन्हें सुरक्षा के आंतरिक परिधि क्षेत्र से बाहर रहने की अनुमति दी गयी है। स्ट्रांग रूम का CCTV Display भी अभ्यर्थियों / प्रतिनिधियों के लिए उपलब्ध कराया गया है।
वेबकास्टिंग की प्रभावी व्यवस्था
उल्लेखनीय है कि मतगणना दिनांक 14 नवम्बर, 2025 को निर्धारित है। प्रथम चरण में सभी मतदान केंद्रों पर मतदान शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित रहा। वेबकास्टिंग की प्रभावी व्यवस्था के कारण मतदान प्रक्रिया में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की गई।
चुनाव आयोग ने बताया कि महिलाओं, युवाओं, वरिष्ठ नागरिकों एवं दिव्यांग मतदाताओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही। दिव्यांग (PwD) मतदाताओं के लिए व्हीलचेयर, रैंप, सुगम पहुंच तथा आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई। EVM-VVPAT की कार्यप्रणाली सभी जगह सुचारु और बेरोकटोक रही और किसी भी मतदान केंद्र पर मशीनों की व्यवस्थित कार्यवाही में कोई रुकावट नहीं आया।













