नवादा।Bihar election 2025 बिहार में 18वीं विधानसभा के गठन को नवादा में मंगलवार को मतदान है। जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में 17,21,806 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।
इनमें 9,01,228 पुरुष, 8,20,475 महिला और 103 मंगलामुखी मतदाता शामिल हैं। युवाओं और महिलाओं के कंधों पर मतदान प्रतिशत बढाने का सारा दरामेदार होगा।
जिले के कुल वोटरों में करीब 48.33 फीसदी संख्या युवा मतदाताओं की है, जो प्रत्याशियों की जीत-हार सुनिश्चित करने में भी बड़ी भूमिका निभाएंगे।
इस महात्योहार में 2,79,894 बुजुर्ग महिला-पुरुषों का अनुभवी मतदान भी युवाओं को प्रेरित करेंगा। लोकतंत्र के महापर्व में हर आयु वर्ग के मतदाताओं की महती जिम्मेदारी निभानी होगी। इनके वोट के चोट से ही प्रदेश में सशक्त लोकतंत्र बन सकेगा।
पांच विधानसभा क्षेत्र में 55 प्रत्याशी, सभी जीत को आशान्वित
जिले के पांच विधानसभा क्षेत्र में 55 प्रत्याशी चुनावी रण में उतरे है। हिसुआ विधानसभा में सर्वाधिक 14 प्रत्याशियों के बीच मुकाबला है। नवादा सीट से 12 और रजौली में 11 प्रत्याशी चुनावी दंगल में दांव-पेंच लगाए हैं। जबकि गोविन्दपुर और वारिसलीगंज विधानसभा में नौ-नौ प्रत्याशियों का महामुकाबला होना है।
साल 2000 के बाद जिले में हुए बिहार विधानसभा चुनावों में इसबार सर्वाधिक 13 महिला प्रत्याशी भी जोर आजमाईश कर रही है। नवादा सीट से सर्वाधिक चार महिला प्रत्याशी वोटरों से आशान्वित है।
जबकि गोविन्दपुर में तीन महिलाएं चुनाव मैदान में हैं। रजौली, हिसुआ और वारिसलीगंज में दो-दो महिला प्रत्याशी आधी आबादी की अगुवाई कर रही हैं।
जिले के 2169 मतदान केन्द्रों पर सुबह सात बजे से मतदान
जिले में विधानसभा चुनाव को 2169 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। बूथों पर बिजली, पानी, शौचालय की सुविधा मिलेगी, साथ में वोटरों के मोबाइल फोन रखने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।
सभी मतदान केन्द्र पर सुबह सात बजे से मतदान शुरु हो जाएगा। रजौली के 399 और गोविन्दपुर विधानसभा क्षेत्र के 404 बूथों पर शाम पांच बजे तक ही वोट डाले जाएंगे।
जबकि नवादा, हिसुआ और वारिसलीगंज के 1366 मतदान केन्द्रों पर वोटर संध्या छह बजे तक मतदान कर सकेंगे। मतदान केन्द्र के 100 मीटर दायरे में कई प्रतिबंध रहेंगे। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बी.एन.एस.एस) की धारा-163 लागू रहेगी। ऐसे में पांच लोगों के एक जगह पर एकजुट होने पर भी कार्रवाई की जाएगी। इस दायरे में वाहनों के परिचालन पर भी प्रतिबंध रहेगा।













