तेज प्रताप हारे, उनकी साली करिश्मा राय जीतीं… तेजस्वी ने दिया था टिकट

पटनाः बिहार विधानसभा चुनाव में लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हार गए हैं, लेकिन उनकी साली डॉ. करिश्मा राय परसा विधानसभा सीट से जीत गई हैं। राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) की प्रत्याशी करिश्मा राय ने 89093 वोटों के साथ जीत दर्ज की है। उन्होंने जेडीयू के छोटेलाल राय को शिकस्त दी है, जिन्हें इस चुनाव में 63321 वोट मिले। वहीं महुवा सीट से तेज प्रताप को कड़ी शिकस्त का सामना करना पड़ा। महुआ सीट से लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के संजय कुमार सिंह ने जीत दर्ज की जबकि तेजप्रताप यादव तीसरे स्थान पर रहे।

Advertisement

तेज प्रताप की पार्टी का तो खाता भी नहीं खुला

बिहार विधानसभा चुनाव में तेज प्रताप यादव की जनशक्ति जनता दल खाता भी नहीं खोल पाई है। तेज प्रताप यादव खुद महुआ विधानसभा सीट से हार गए। मगर उनकी चचेरी साली डॉ. करिश्मा राय ने परसा विधानसभा सीट से जीत दर्ज की। तेजस्वी यादव ने अपने बड़े भाई तेज प्रताप यादव की साली को RJD से उम्मीदवार बनाया था।

तेज प्रताप की पत्नी की चचेरी बहन हैं करिश्मा

बता दें कि पेशे से डेंटिस्ट करिश्मा राय, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दरोगा राय की पोती हैं और तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या राय की चचेरी बहन हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री दारोगा राय के चंद्रिका राय और विधानचंद्र राय बेटे हैं। करिश्मा राय, चंद्रिका राय के बड़े भाई विधानचंद्र राय की बेटी हैं। करिश्मा राय तेज प्रताप की पत्नी ऐश्वर्या राय की वह बड़ी बहन हैं। वर्ष 2020 से तेज प्रताप यादव और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय के बीच विवाद चल रहा है। मामला कोर्ट में लंबित है। इसी विवाद की वजह से ऐश्वर्या राय के पिता चंद्रिका राय ने आरजेडी से नाता तोड़ लिया था।

तेजस्वी यादव ने करिश्मा राय को दिया टिकट

तेजस्वी यादव ने बिहार विधानसभा चुनाव से पहले ही करिश्मा राय को RJD में शामिल कराया था। पहले बताया जा रहा था कि जेडीयू परसा सीट पर ऐश्वर्या राय के पिता चंद्रिका राय को टिकट देने वाली थी, लेकिन हाल ही में आरजेडी से जेडीयू में शामिल हुए छोटेलाल राय को परसा से अपना उम्मीदवार बनाया। हालांकि छोटेलाल राय को करिश्मा राय से हार का सामना करना पड़ा है। छोटेलाल राय ने पिछले चुनाव में चंद्रिका राय को 17,000 वोटों से मात दी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here