इस्लामाबाद: लाल किला पर हुए आतंकी हमले को लेकर पाकिस्तान के नेता ने पाकिस्तान की भागीदारी की बात कबूली है। पाकिस्तान के कब्जे वाली कश्मीर, यानि पीओके के पाकिस्तानी नेता अनवारुल हक ने कहा है कि लाल किला से लेकर कश्मीर के जंगलों तक हमने ही भारत में हमले करवाए हैं। पाकिस्तानी नेता चौधरी अनवारुल हक ने कहा है कि आतंकवादी समूह भारत में “लाल किले से लेकर कश्मीर के जंगलों तक” हमला कर रहे हैं। ये बहुत बड़ा कबूलनामा है और आतंकी हमले में पाकिस्तान की भागीदारी को दिखाता है।
अनवारुल हक ने अपने भाषण में 10 नवंबर को दिल्ली के लाल किला के सामने हुए बम ब्लास्ट का नाम लिया है, जिसमें 14 लोगों की मौत हो गई थी। इस हमले का मास्टरमाइंड, डॉ. उमर उन नबी, जैश-ए-मोहम्मद (JeM) से जुड़े ‘सफेदपोश’ आतंकी मॉड्यूल का सदस्य है, जिसका भंडाफोड़ हमले से कुछ दिन पहले फरीदाबाद में हुआ था। अनवारुल हक की ‘कश्मीर के जंगलों’ वाली टिप्पणी अप्रैल में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए आतंकी हमले की ओर इशारा करती है, जहां आतंकवादियों ने 26 पर्यटकों की हत्या कर दी थी।
लाल किला आतंकी हमले पर पाकिस्तानी नेता का कबूलनामा
वायरल हुए एक वीडियो में हक को कहते सुना जा रहा है कि “मैंने पहले कहा था कि अगर आप बलूचिस्तान को खून से लथपथ करते रहेंगे, तो हम लाल किले से लेकर कश्मीर के जंगलों तक भारत पर हमला करेंगे। अल्लाह की कृपा से, हमने यह कर दिखाया है और वे अभी भी शवों की गिनती नहीं कर पा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि “कुछ दिन बाद हथियारबंद लोग दिल्ली में घुस आए और हमला कर दिया और उन्होंने अभी तक शायद सभी शवों की गिनती नहीं की है।”
यह पहली बार नहीं है जब किसी पाकिस्तानी नेता ने सीमा पार आतंकवाद को बढ़ावा देने में इस्लामाबाद की भूमिका का खुलासा किया हो। कुछ दिन पहले ही खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी ने पाकिस्तान सरकार की आतंकवाद नीति का पर्दाफाश किया था और कहा खा कि पाकिस्तान सरकार को प्रांत में “फर्जी” आतंकवादी हमलों से फायदा होता है। टोलो न्यूज़ के मुताबिक, अफरीदी ने इस्लामाबाद पर अशांत खैबर क्षेत्र में शांति की कोशिशों में बाधा पहुंचाने, फर्जी आतंकवादी हमलों को बढ़ावा देने का आरोप लगाया था।










