‘पीएम मोदी को दो चीजों से नफरत है’, बिल को लेकर सरकार पर भड़के राहुल

ई दिल्ली। कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने ‘जी राम जी’ बिल को लेकर भारत सरकार पर निशाना साधा है. केंद्र सरकार ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) बदलने का प्रस्ताव रखा है, जो कि 2005 में कांग्रेस की यूपीए सरकार लेकर आई थी.

Advertisement

राहुल गांधी ने सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जी राम जी बिल का लाना, महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान करना है. कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि इस योजना को हटाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार गांव के गरीब लोगों की सुरक्षित आजीविका को खत्म करना चाहती है.

राहुल गांधी ने सरकार पर साधा निशाना

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी की सरकार पर आरोप लगाए. राहुल गांधी ने लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी हमेशा ही महात्मा गांधी के विचारों के खिलाफ रहते हैं और वे 2014 से उनके नाम से चल रही योजनाओं को कमजोर करते जा रहे हैं. कांग्रेस इस तरह के सभी निर्णयों की निंदा करती है.

राहुल गांधी ने लिखा कि ‘प्रधानमंत्री मोदी को दो चीजों से पक्की नफरत है- महात्मा गांधी के विचारों से और गरीबों के अधिकारों से। मनरेगा, महात्मा गांधी के ग्राम-स्वराज के सपने का जीवंत रूप है- करोड़ों ग्रामीणों की जिंदगी का सहारा है, जो कोविड काल में उनका आर्थिक सुरक्षा कवच भी साबित हुआ।

मगर, प्रधानमंत्री मोदी को यह योजना हमेशा खटकती रही और पिछले दस सालों से इसे कमजोर करने की कोशिश करते रहे हैं। आज वो मनरेगा का नामो-निशान मिटाने पर आमादा है।

मनरेगा की बुनियाद तीन मूल विचारों पर थी।

1. रोजगार का अधिकार – जो भी काम मांगेगा, उसे काम मिलेगा
2. गांव को प्रगति कार्य खुद तय करने की स्वतंत्रता
3. केंद्र सरकार मजदूरी का पूरा खर्च और समान की लागत का 75 फीसदी देगी

अब प्रधानमंत्री मोदी इसी मनरेगा को बदलकर सारी ताकत सिर्फ अपने हाथों में केंद्रित करना चाहते हैं –

1. बजट, योजनाएं और नियम केंद्र तय करेगा
2. राज्यों को 40 फीसदी खर्च उठाने के लिए मजबूर किया जाएगा
3. बजट खत्म होते ही या फसल कटाई के मौसम में दो महीने तक किसी को काम नहीं मिलेगा

यह नया बिल महात्मा गांधी के आदर्शों का अपमान है – मोदी सरकार ने पहले ही भयंकर बेरोजगारी से भारत के युवाओं का भविष्य तबाह कर दिया है, और अब ये बिल ग्रामीण गरीबों की सुरक्षित रोजी-रोटी को भी खत्म करने का जरिया है।

हम इस जनविरोधी बिल का गांव की गलियों से संसद तक विरोध करेंगे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here