नई दिल्ली। भारतीय टीम ने बुधवार को 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह पक्की की। आयुष म्हात्रे के नेतृत्व वाली भारतीय टीम ने दूसरे सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 53 गेंदें शेष रहते सात विकेट से पटखनी दी। हालांकि, भारत को इस मुकाबले में एक ऐसा दर्द सहना पड़ा, जो इससे पहले उसे कभी नहीं लगा था।
अफगानिस्तान के दो बल्लेबाजों फैसल शिनोजादा (110) और उजेरुल्लाह नियाजाई (101*) ने शतक जड़कर रिकॉर्ड्स बुक को पलट दिया। अंडर-19 वर्ल्ड कप इतिहास में यह पहला मौका रहा, जब भारत के खिलाफ एक मैच में दो बल्लेबाजों ने शतक जमाए हो।
भारत ने अंडर-19 वर्ल्ड कप के सभी 16 संस्करणों में हिस्सा लिया, लेकिन ऐसा कभी नहीं हुआ कि एक ही टीम के दो बल्लेबाजों ने उसके खिलाफ शतक ठोके हो।
अफगानियों की शतकीय साझेदारी
बता दें कि फैसल शिनोजादा और उजेरुल्लाह नियाजाई ने तीसरे विकेट के लिए 130 गेंदों में 148 रन की शतकीय साझेदारी करके बड़े स्कोर की नींव रखी। फैसल ने 93 गेंदों में 15 चौके की मदद से 110 रन बनाए। नियाजाई ने 86 गेंदों में 12 चौके और दो छक्के की मदद से नाबाद 101 रन बनाए। अफगानिस्तान ने इन दोनों बल्लेबाजों के शतकों के दम पर निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 310 रन बनाए।
भारत के खिलाफ किसने जड़े शतक
अफगानिस्तान के खिलाफ दूसरे सेमीफाइनल से पहले अंडर-19 वर्ल्ड कप मैचों में भारत के खिलाफ केवल तीन बल्लेबाज ही शतक जमाने में कामयाब हुए थे। इंग्लैंड के मौजूदा टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच में शतक जमाने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। स्टोक्स ने 2010 अंडर-19 वर्ल्ड कप में भारत के खिलाफ लिंकन में खेले गए मुकाबले में 88 गेंदों में 100 रन जड़े थे।
इसके अलावा जिम्बाब्वे के माल्कम लेक (2012) और वेस्टइंडीज के तेजनारायण चंद्रपॉल (2014) भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप मैच में शतक जड़ने में कामयाब हुए थे।
भारत के खिलाफ अंडर-19 वर्ल्ड कप में शतक जड़ने वाले बल्लेबाज
- बेन स्टोक्स (इंग्लैंड) – 2010
- माल्कम लेक (जिम्बाब्वे) – 2012
- तेजनारायण चंद्रपॉल (वेस्टइंडीज) – 2014
- फैसला शिनोजादा (अफगानिस्तान) – 2026*
- उजेरुल्लाह नियाजाई (अफगानिस्तान) – 2026*
भारत फाइनल में पहुंचा
भारत के नाम भले ही शर्मनाक रिकॉर्ड दर्ज हुआ हो, लेकिन म्हात्रे ब्रिगेड ने इसका बदला जीत के साथ लिया। आरोन जॉर्ज (115), कप्तान आयुष म्हात्रे (62) और वैभव सूर्यवंशी (68) की उम्दा पारियों की बदौलत भारत ने 311 रन का लक्ष्य केवल 41.1 ओवर में तीन विकेट खोकर हासिल किया। भारत ने 10वीं बार अंडर-19 वर्ल्ड कप में एंट्री की और अब खिताब के लिए उसका मुकाबला इंग्लैंड से होगा।










