नई दिल्ली। यूं तो सदन के अंदर दिखने वाली आपसी तकरार भी सामान्यतया बाहर संसद परिसर में हल्की हो जाती है। लेकिन बुधवार संसद भवन के गेट पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच उस समय सीधी भिड़ंत देखने को मिली, जब राहुल गांधी ने उन्हें ‘गद्दार’ दोस्त कहकर संबोधित किया तो बिट्टू ने भी उन्हें ‘देश का दुश्मन’ कहते हुए तीखा पलटवार किया।
इस दौरान बिट्टू ने राहुल की ओर से बढ़ाए गए हाथ तो भी मना कर दिया। वहीं भाजपा ने राहुल गांधी की इस टिप्पणी को हर सिख का अपमान बताते हुए इस मामले पर लोकसभा स्पीकर से राहुल गांधी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
क्या है मामला?
नए संसद भवन के प्रवेश द्वार पर राहुल गांधी की ओर से बिट्टू पर की गई टिप्पणी पर केंद्रीय मंत्री हरदीप पुरी ने भी तीखी प्रतिक्रिया दी और कहा कि कांग्रेस नेता ने शिष्टाचार की सभी सीमाएं पार कर दी है।
हुआ यह कि केंद्रीय मंत्री बिट्टू बुधवार को जब संसद भवन के गेट से भीतर जा रहे थे, तभी वहां अपने बर्खास्त सांसदों के साथ राहुल गांधी प्रदर्शन कर रहे थे। इनमें अधिकांश पंजाब के सांसद थे। उन्हें देखकर केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने कहा कि यहां ये सब यानी निलंबित कांग्रेस सांसद ऐसे बैठे हैं जैसे उन्होंने कोई युद्ध जीत लिया हो।
इस पर राहुल ने कहा कि ‘बात यह है, कि यहां से गद्दार ठीक बगल से जा रहा है। चेहरा देखो। वह कैसा दिखता है।’ यह बोलते हुए राहुल गांधी ने बिट्टू की ओर हाथ बढ़ाते हुए कहा ‘नमस्ते भाई, मेरे गद्दार दोस्त। चिंता मत करो, तुम वापस आ जाओगे।’
इसके बाद तो बिटटू ने हाथ मिलने से मना करते हुए राहुल गांधी की ओर इशारा कर उन्हें ‘ देश का दुश्मन’ कहा। इस तीखी वार्तालाप के बाद बिट्टू संसद के भीतर चले गए। इस बीच राहुल गांधी के इस व्यवहार को लेकर केंद्रीय मंत्री बिट्टू ने बाद में मीडिया से बात करते राहुल गांधी से हाथ मिलाने पर कहा कि वह देश के गद्दा और देश का दुश्मन है, जो रोज भारतीय सेना व देश के खिलाफ बात करता है, वह उससे कैसे हाथ मिला सकते है।
यह सरदार गांधी परिवार के वंशज से कभी हाथ नहीं मिलाएगा, जो सिखों का हत्यारा है और जिसने गुरुद्वारों को गिराया। साथ ही कहा कि वह राहुल गांधी के इस असभ्य आचरण के लिए स्पीकर से शिकायत करने की सोच रहे है।
2024 में कांग्रेस छोड़ भाजपा में आए बिट्टू
गौरतलब है कि पंजाब के लुधियाना और आनंदपुर साहिब से तीन बार के सांसद रहे बिट्टू मौजूदा समय में केंद्र सरकार में रेल व खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री है। लोकसभा के 2024 के चुनावों से पहले वह कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो गए थे।
वहीं इस मामले के राजनीतिक रंग लेते देख कांग्रेस पार्टी ने एक संसद भवन परिसर में हुई इस भिड़ंत का एक वीडियो जारी कर यह बताने की कोशिश की कि टीका-टिप्पणी की शुरुआत भी पहले बिट्टू ने ही की थी।













