पटना: बिहार में एक बार फिर ‘विधायक तोड़ो अभियान’ का खेला ऊंची ऊंची आवाज में शुरू हो गया है। लेकिन इस बार विश्वास का भाव इतना गहरा है कि समय सीमा तक तय कर दी गई। हालांकि यह विश्वास जदयू और भाजपा के नेताओं ने पहले भी व्यक्त किया था, पर उन भविष्यवक्ताओं को निराशा ही हाथ लगी। अब फिर नई डेट लाइन लेकर जदयू के मुख्य प्रवक्ता नीरज कुमार आ गये हैं। चलिये जानते हैं कि कहां से और किस आधार पर राजद को निष्प्राण होने की बात कर रहे हैं जदयू के प्रवक्ता नीरज कुमार!
चलते सत्र में राजद में भगदड़: नीरज
जेडीयू एमएलसी नीरज कुमार ने एक बार फिर दावा किया कि चलते सत्र में राजद के विधायकों के बीच भगदड़ मचेगी और कई विधायक जनता दल यू का दामन थामेंगे। राजद के भीतर असंतोष काफी बढ़ गया है। इस असंतोष के कारण राजद पार्टी में बड़ी टूट होगी और कई विधायक जदयू का दामन थामेंगे। उन्होंने इस असंतोष को कारण बताते कहा कि पूर्व विधायक राजद नेता रियाजुल हक का जेडीयू का दामन थामना तो झांकी है, असली राजनीतिक तस्वीर अभी सामने आनी बाकी है। उन्होंने कहा कि दल के नेताओं ने वर्ष 2020, 2024 और 2025 के चुनाव में तेजस्वी यादव के असफल नेतृत्व को झेला है। इस कारण से उनके भीतर भारी असंतोष है।











