पाई नेटवर्क ने बिटकॉइन के छुड़ाए छक्के, 7 दिन में 40% से ज्यादा रिटर्न

नई दिल्ली: क्रिप्टोकरेंसी में इस समय गिरावट जारी है। वहीं कुछ ऐसी क्रिप्टोकरेंसी भी हैं जिन्होंने कुछ ही दिनों में निवेशकों को जबरदस्त रिटर्न दे दिया है। इन्हीं में एक है पाई नेटवर्क कॉइन। भविष्य के बिटकॉइन कहे जाने वाले पाई नेटवर्क कॉइन ने पिछले 7 दिनों में बिटकॉइन को ही पीछे छोड़ दिया है। इन 7 दिनों में पाई नेटवर्क ने 40 फीसदी से ज्यादा रिटर्न दिया है। वहीं बिटकॉइन का रिटर्न एक फीसदी भी नहीं है।

Advertisement

बुधवार रात 10 बजे बिटकॉइन करीब 67 हजार डॉलर पर था। पिछले 24 घंटे में इसमें करीब 0.70 फीसदी की तेजी आई है। वहीं पाई नेटवर्क करीब 0.1876 डॉलर पर था। पिछले 24 घंटे में पाई नेटवर्क ने 42 फीसदी रिटर्न दिया है। कॉइनमार्केटकैप के मुताबिक टॉप 100 क्रिप्टोकरेंसी में पिछले 7 दिनों में पाई नेटवर्क कॉइन का रिटर्न सबसे ज्यादा रहा है।

पीक से काफी नीचे है पाई नेटवर्क

पाई नेटवर्क कॉइन में बेशक इस समय तेजी आई हो, लेकिन इसकी कीमत अपने पीक से काफी नीचे है। पिछले साल 27 फरवरी सुबह करीब 8:30 बजे पाई नेटवर्क कॉइन की कीमत 2.93 डॉलर पर पहुंच गई थी। यह इसकी अभी तक की पीक वैल्यू है। पीक पर पहुंचने के बाद इसमें जबरदस्त गिरावट आई। अब यह 0.1876 डॉलर है। ऐसे में यह अभी पीक के मुकाबले 90 फीसदी से ज्यादा नीचे गिरकर कारोबार कर रही है।

बिटकॉइन कर रही नुकसान

बिटकॉइन दुनिया की सबसे महंगी और प्रमुख क्रिप्टोकरेंसी है। लेकिन यह अभी बुरे दौर से गुजर रही है। अक्टूबर में 1,26,000 डॉलर के अपने रिकॉर्ड स्तर से इसने करीब आधी कीमत गंवा दी है। बिटकॉइन को अक्सर ‘डिजिटल सोना’ कहा जाता है। इसकी वजह यह है कि सोने की तरह यह भी कोई डिविडेंड या मुनाफा नहीं देता। इसकी कीमत सिर्फ इस बात पर निर्भर करती है कि निवेशक इसे खरीदने के लिए कितना पैसा देने को तैयार हैं।

मार्केट कैप में आई गिरावट

पिछले 24 घंटे में क्रिप्टोकरेंसी के मार्केट कैप में भी गिरावट आई है। यह करीब 0.83% गिरकर 2.31 ट्रिलियन डॉलर रह गया है। पिछले एक महीने से इसमें लगातार गिरावट आ रही है। इस एक महीने में क्रिप्टो का ग्लोबल मार्केट कैप 25 फीसदी से ज्यादा लुढ़क गया है। दुनिया की सबसे महंगी और बड़ी क्रिप्टो बिटकॉइन भी इस एक महीने में करीब 28 फीसदी गिर गई है।

डिस्क्लेमर: क्रिप्टोकरेंसी में 24 घंटे कारोबार होता है। ऐसे में इनकी कीमत पल-पल बदलती रहती है। कुछ ही मिनटों में क्रिप्टोकरेंसी की कीमत काफी गिर जाती है और निवेशकों को बड़ा नुकसान हो जाता है। ऐसे में इसमें निवेश करने से पहले एक्सपर्ट की राय जरूर ले लें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here