पहले लखनऊ के होटल में दुष्कर्म, फिर दोस्तों से गैंगरेप कराया

मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ की एक युवती ने आरोप लगाते हुए बताया कि उसे निकाह का झांसा देकर पहले शारीरिक शोषण किया गया और बाद में लखनऊ में बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म की वारदात को अंजाम दिया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और सिगरेट से दागा गया। इसके अश्लील वीडियो बनाकर वायरल करने की धमकी दी गई। पीड़िता ने एसएसपी मेरठ से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Advertisement

पल्लवपुरम निवासी पीड़िता के अनुसार, कुछ माह पहले उसने एक मेट्रोमोनियल साइट पर अपना प्रोफाइल बनाया था। इसी दौरान उसकी पहचान सरधना निवासी एहतेशाम से हुई। आरोपी ने खुद को एक टेलीकॉम कंपनी में प्रयागराज में कार्यरत बताया और शादी की बात कहकर भरोसा जीत लिया। मेरठ में बेगमपुल पर दोनों की मुलाकात भी हुई, जिसके बाद बातचीत और नजदीकियां बढ़ीं।

2 फरवरी को वाराणसी बुलाया

पीड़िता का आरोप है कि 27 दिसंबर 2025 को आरोपी ने उसे प्रयागराज बुलाया और अपने कमरे पर ले जाकर दुष्कर्म किया। शिकायत करने की बात कहने पर आरोपी ने निकाह का भरोसा दिया। इसी दौरान युवती गर्भवती हो गई। जब उसने शादी का दबाव बनाया तो आरोपी पहले मुकर गया, लेकिन 2 फरवरी 2026 को वाराणसी ले जाकर 100 रुपये के स्टांप पेपर पर और कथित निकाहनामा तैयार कराया। युवती का आरोप है कि यह दस्तावेज फर्जी है और किसी आधिकारिक रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है।

पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी उसे एक डॉक्टर के पास अल्ट्रासाउंड के बहाने ले गया और गर्भपात की दवा देकर जबरन गर्भपात करा दिया। इसके बाद 12 फरवरी को उसे लखनऊ के चारबाग स्थित एक होटल में ले जाकर फिर दुष्कर्म किया गया। अगले दिन नशीला पदार्थ खिलाकर एक मकान में ले जाया गया, जहां आरोपी और उसके दो साथियों ने बंधक बनाकर गैंगरेप किया। विरोध करने पर मारपीट की गई और सिगरेट से दागकर घायल कर दिया गया।

मेरठ एसएसपी से की शिकायत

पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान अश्लील वीडियो भी बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई। 14 फरवरी को आरोपी उसे ट्रेन से दिल्ली ले गया। किसी तरह पीड़िता कश्मीरी गेट थाने पहुंची, लेकिन दिल्ली पुलिस ने मामला उत्तर प्रदेश का बताकर वापस भेज दिया। अब पीड़िता ने मेरठ में एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। उसने आरोपियों के पास मौजूद फोटो और वीडियो डिलीट कराने व सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने कहा- जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी

एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि युवती की ओर से शिकायत मिली है। पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दिए गए हैं। युवती और आरोपी की मुलाकात, निकाहनामे की सत्यता और घटनास्थल की पुष्टि की जा रही है, क्योंकि मामला लखनऊ के अलावा प्रयागराज, वाराणसी से भी जुड़ा हुआ है, इसलिए जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here