अमेरिका ने मिडिल ईस्ट में अपनी सैन्य मौजूदगी और बढ़ा दी है। अमेरिकी वॉरशिप USS त्रिपोली करीब 3,500 सैनिकों (मरीन और नेवी) के साथ इस इलाके में पहुंच गया है।
यह जहाज जापान से रवाना होकर अमेरिकी सेना के सेंट्रल कमांड (CENTCOM) क्षेत्र में 27 मार्च को पहुंचा। USS त्रिपोली एक बहुत बड़ा अम्फीबियस असॉल्ट शिप है, जो आकार में लगभग एयरक्राफ्ट कैरियर जितना होता है। इसमें हेलीकॉप्टर, MV-22 ओस्प्रे और F-35B फाइटर जेट जैसे विमान भी तैनात हैं।
अम्फीबियस असॉल्ट शिप एक ऐसा बड़ा सैन्य जहाज होता है जो समुद्र और जमीन दोनों जगह ऑपरेशन करने के लिए बनाया जाता है। यह जहाज सैनिकों को समुद्र से सीधे दुश्मन के किनारे तक पहुंचाता है।
इसी बीच, एक और अमेरिकी एयरक्राफ्ट कैरियर USS जॉर्ज H.W. बुश भी अमेरिका से रवाना होकर मिडिल ईस्ट की ओर बढ़ रहा है। फिलहाल यहां दो अमेरिका एयरक्राफ्ट कैरियर USS अब्राहम लिंकन और USS जेराल्ड आर. फोर्ड मौजूद हैं।
पाकिस्तान में कल 3 देशों के विदेश मंत्रियों की बैठक
पाकिस्तान में कल तुर्किये, मिस्र और सऊदी अरब के विदेश मंत्रियों की बैठक होगी। यहां वे पाकिस्तानी प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात करेंगे। इस्लामाबाद में होने वाली इस बैठक में मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा होगी।
पाकिस्तान में क्यों हो रही मीटिंग…
पाकिस्तान के ईरान और सऊदी अरब दोनों से बेहतर रिश्ते हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसलिए पाकिस्तान को विदेश मंत्रियों की बैठक के लिए बेहतर जगह माना जा रहा है। यह मीटिंग पहले तुर्किये में होनी थी, लेकिन बाद में इसे पाकिस्तान शिफ्ट कर दिया गया।
पाकिस्तान इस समय किसी एक पक्ष में सीधे शामिल नहीं है, इसलिए उसे न्यूट्रल जगह माना जा रहा है। उसके ईरान और सऊदी अरब दोनों से अच्छे रिश्ते हैं, इसलिए बातचीत आसान है। तुर्किये और मिस्र जैसे देशों के साथ भी पाकिस्तान के संबंध ठीक हैं।
ईरान जंग से जुड़ी तस्वीरें…




ईरान जंग के कारण कंबोडिया में डीजल और एलपीजी (LPG) की कीमतें लगातार बढ़ रही हैं। कंबोडिया के वाणिज्य मंत्रालय के हवाले से बताया गया है कि डीजल की कीमत 1.4 प्रतिशत बढ़कर 7,100 रियेल (करीब 1.78 डॉलर) से 7,200 रियेल (करीब 1.80 डॉलर) प्रति लीटर हो गई है।
वहीं, एलपीजी की कीमत 6.2 प्रतिशत बढ़कर 3,200 रियेल (करीब 0.80 डॉलर) से 3,400 रियेल (करीब 0.85 डॉलर) प्रति लीटर पहुंच गई है।
हालांकि, सामान्य पेट्रोल की कीमत में कुछ कमी आई है। यह करीब 5,000 रियेल (1.25 डॉलर) प्रति लीटर हो गई है, जो पिछले तीन दिनों में 5,450 रियेल (1.37 डॉलर) से 8.2 प्रतिशत कम है।
कुवैत ने चार ड्रोन मार गिराए
कुवैत की नेशनल गार्ड ने बताया कि उसके जवानों ने चार ड्रोन को मार गिराया है। हाल के घंटों में यह दूसरी बार है जब कुवैत में सायरन बजाए गए, जिससे खतरे को लेकर अलर्ट जारी किया गया।
सुरक्षा बलों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए इन ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया। फिलहाल किसी नुकसान या हताहत की जानकारी सामने नहीं आई है।
ईरान की राजधानी तेहरान में कई धमाकों हुए
ईरान की राजधानी तेहरान में कई धमाकों की आवाज सुनाई देने की खबर सामने आई है। यह जानकारी ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स ने दी है। एजेंसी के अनुसार, राजधानी में कई जगह विस्फोट हुए हैं।
एएफपी न्यूज एजेंसी ने बताया कि सुबह करीब 7:20 बजे उत्तरी तेहरान में दो जोरदार धमाके हुए। इस दौरान एयर डिफेंस सिस्टम भी सक्रिय हो गया था। हालांकि अभी यह साफ नहीं हो पाया है कि इन धमाकों में किस जगह को निशाना बनाया गया।



यमन के हूती विद्रोहियों ने इजराइल पर मिसाइल और ड्रोन से दूसरा बड़ा हमला किया है। उन्होंने कहा है कि जब तक इजराइल अपनी कार्रवाई नहीं रोकता, तब तक हमले जारी रहेंगे।
शनिवार को जारी बयान में हूती समूह ने बताया कि उसने दक्षिणी इजराइल के अहम ठिकानों को क्रूज मिसाइल और ड्रोन से निशाना बनाया। यह एक ही दिन में उनका दूसरा हमला है।
हूती सेना के प्रवक्ता याह्या सरीआ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर दावा किया कि ये हमले ईरान और हिजबुल्लाह के साथ मिलकर किए गए।
लेबनान में 22 साल के इजराइली सैनिक की मौत
इजराइली सेना (IDF) ने बताया कि दक्षिणी लेबनान में चल रही लड़ाई के दौरान एक सैनिक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए।
मारे गए सैनिक की पहचान 22 साल के सार्जेंट मोशे यित्जहाक हाकोहेन काट्ज के रूप में हुई है। वह पैराट्रूपर्स ब्रिगेड की 890वीं बटालियन में तैनात थे और अमेरिका के कनेक्टिकट राज्य के न्यू हेवन के रहने वाले थे।
घायल हुए तीनों सैनिकों की हालत सामान्य है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
ट्रम्प के खिलाफ नो किंग्स रैली, 80 लाख लोग शामिल हुए
अमेरिका में शनिवार को राष्ट्रपति ट्रम्प के खिलाफ हुए नो किंग्स रैली में 80 लाख लोगों ने हिस्सा लिया। प्रेस रिलीज के मुताबिक, पूरे अमेरिका के सभी 50 राज्यों में 3,300 से ज्यादा जगहों पर ये प्रदर्शन आयोजित किए गए।
आयोजकों ने बताया कि अक्टूबर में हुए पिछले नो किंग्स प्रदर्शनों की तुलना में इस बार करीब 10 लाख ज्यादा लोग शामिल हुए और लगभग 600 ज्यादा कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन प्रदर्शनों में लोगों ने ट्रम्प के नेतृत्व को लेकर अपनी नाराजगी जाहिर की।
ईरान ने 20 पाकिस्तानी जहाजों को होर्मुज से गुजरने की इजाजत दी
पाकिस्तान के विदेश मंत्री इशाक डार ने बताया कि ईरान ने पाकिस्तानी झंडे वाले 20 जहाजों को होर्मुज स्ट्रेट से गुजरने की अनुमति दे दी है।
उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कहा कि इस समझौते के तहत रोजाना दो जहाज इस स्ट्रेट को पार करेंगे।
UAE में मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा बढ़ा
संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि देश में मिसाइल और ड्रोन हमलों का खतरा बढ़ गया है।
मंत्रालय ने बताया कि देश के एयर डिफेंस सिस्टम मिसाइल और ड्रोन से आने वाले खतरों का मुकाबला कर रहे हैं।













