पहलाज निहलानी की छाती पर आकर बैठ गई थीं दिव्या भारती

फिल्म निर्माता और फिल्म सेंसर बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष पहलाज निहलानी अब इस दुनिया में नहीं रहे। गुरुवार 4 जून 2026 को उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। निहलानी ने बॉलीवुड को एक से बढ़कर एक फिल्में दी हैं और फिल्म इंडस्ट्री को फलने-फूलने में अपना बड़ा योगदान दिया है। निहलानी ने इंडस्ट्री के कई बड़े फिल्मी सितारों के साथ काम किया और उन्होंने अपने कई इंटरव्यू में ऐसे किस्से सुनाए, जो दिलचस्प हैं। एक ऐसा ही किस्सा उन्होंने दिव्या भारती का सुनाया था, जब उनकी मौत के बाद सबसे पहले पहुंचने वालों में से वो एक थे।

Advertisement

दिव्या भारती केवल 19 साल की थीं, जब एक दर्दनाक हादसे में उनकी जान चली गई। 5 अप्रैल 1993 की रात मुंबई के वर्सोवा स्थित अपने पांचवीं मंजिल के अपार्टमेंट की खिड़की से नीचे गिरने के कारण उनकी जान चली गई। दिल दहला देने वाले पल के बारे में पहलाज निहलानी ने अपने इंटरव्यू में बातें की थीं।

अस्पताल पहुंचने वाले पहले लोगों में पहलाज निहलानी भी शामिल थे

पहलाज निहलानी ने दिव्या के साथ ‘शोला और शबनम’ में काम किया था। निहलानी ने एक्ट्रेस की मौत का किस्सा सुनाते हुए बताया था कि इस घटना के बाद अस्पताल पहुंचने वाले पहले लोगों में वह भी शामिल थे। अस्पताल में पहुंचते ही डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।

पहलाज निहलानी ने कहा था- दिव्या भारती अकेली थीं

इस बारे में बातें करते हुए निहलानी ने एक बार पिंकविला से बात की थी और कहा था, ‘वह बिल्कुल अकेली थीं, उस समय तक वहां कोई नहीं था।’ उन्होंने कहा कि उस समय तक किसी को पता नहीं था कि क्या हुआ था और उनका परिवार अभी तक वहां नहीं पहुंचा था। पहलाज ने कहा था, ‘तब तक कोई नहीं आया था। जैसे ही मुझे पता चला, मैं तुरंत अस्पताल पहुंचा।’

फोटो में दिव्या भारती पहलाज को पसंद नहीं आईं

उन्होंने दिव्या के साथ काम करने का किस्सा भी सुनाया और बताया कि संगीतकार जतिन पंडित ने उनसे उनका परिचय कराया था। उन्होंने बताया, ‘जतिन उसे मेरे पास लेकर आया था। जब वह पहली बार आईं तो तस्वीरों में वह मोटी लग रही थीं। मुझे उसकी तस्वीरें पसंद नहीं आईं, दिव्या भारती का चेहरा बहुत बड़ा लग रहा था।’

दिव्या को वजन कम करने की सलाह दी थी

इसके बाद उन्होंने दिव्या को वजन कम करने की सलाह दी और उनसे उसके बाद मिलने को कहा। दिव्या की कास्टिंग के बारे में फिल्ममेकर ने आगे कहा था, ‘बाद में, जब वह उन्हें दोबारा लेकर आए, तब तक शोला और शबनम की शूटिंग शुरू हो चुकी थी। हालांकि वह उसमें हीरोइन नहीं थीं। वह दिव्या भारती को फिल्म सिटी लेकर आए और कहा कि अब वह ठीक लग रही हैं? मैंने कहा- वह कल से शूटिंग शुरू कर सकती हैं।’

जब दिव्या पहलाज निहलानी की छाती पर बैठ गई थीं

पहलाज निहलानी ने दिव्या के काम के प्रति उनके कमिटमेंट्स की तारीफ करते हुए एक दिलचस्प किस्सा सुनाया था। उन्होंने बताया था कि शूटिंग के दौरान उनके पैर में एक कील चुभ गई थी, जिसके बाद अगले दिन की शूटिंग रद्द कर दी गई। उन्हें चोट लगी थीं लेकिन काम करने को लेकर वह अड़ी रहीं।

पहलाज ने वो किस्सा सुनाते हुए कहा था, ‘उनके पैर में कील चुभी थी। तब रात के 3 बज रहे थे और सुबह 6 बजे तक वह एक गाने की शूटिंग के लिए तैयार थीं। मैंने उन्हें बताया कि शूटिंग रद्द हो गई है।’ उन्होंने आगे कहा था, ‘मैं सुबह से सो रहा था क्योंकि शूटिंग रद्द हो गई थी, लेकिन फिर भी वह मेरे कमरे में आ गईं। सफाई कर्मचारी से दरवाजा खुलवाया और मेरी छाती पर बैठकर बोलीं- उठो। मेरी वाइफ ने पूछा- यह लड़की कौन है? हम दोनों सो रहे थे और वह आकर मेरी छाती पर बैठ गई।’

दिव्या भारती के पैर में कील चुभी थी। तब रात के 3 बज रहे थे और सुबह 6 बजे तक वह एक गाने की शूटिंग के लिए तैयार थीं। मैंने उन्हें बताया कि शूटिंग रद्द हो गई है। मैं सुबह से सो रहा था क्योंकि शूटिंग रद्द हो गई थी, लेकिन फिर भी वह मेरे कमरे में आ गईं। सफाई कर्मचारी से दरवाजा खुलवाया और मेरी छाती पर बैठकर बोलीं- उठो। मेरी वाइफ ने पूछा- यह लड़की कौन है
पहलाज निहलानी

 

फिल्मी करियर में पहलाज निहलानी ने कई हिट फिल्में दीं

बताते चलें कि अपने फिल्मी करियर में पहलाज निहलानी ने कई हिट फिल्में दीं। इनमें ‘इल्जाम’, ‘आग ही आग’, ‘शोला और शबनम’ और ‘आंखें’ जैसी फिल्में शामिल हैं। खास तौर पर फिल्म ‘आंखें’ 1990 के दशक की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में गिनी जाती है और आज भी इसे उनकी सबसे सफल फिल्मों में से एक माना जाता है।

सोशल मीडिया पर सितारों ने जताया दुख

पहलाज निहलानी को फिल्मी कलाकारों, निर्माताओं और अन्य हस्तियों ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की। सनी देओल ने पहलाज निहलानी के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरीज पर एक पुरानी तस्वीर शेयर की, जिसमें वह पहलाज निहलानी के साथ नजर आ रहे हैं। उन्होंने तस्वीर के साथ लिखा, ‘पहलाज निहलानी जी एक अच्छे दोस्त, एक परिवार और ऐसे नेकदिल इंसान थे, जो हमेशा दूसरों की मदद के लिए तैयार रहते थे। उनकी ताकत, स्नेह और मुस्कान हमेशा हमारे साथ रहेगी।’

कंगना ने लिखा- पहलाज निहलानी जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ

एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पहलाज निहलानी को श्रद्धांजलि दी। कंगना ने गहरा दुख जताते हुए भारतीय सिनेमा में उनके योगदान को याद किया। उन्होंने लिखा, ‘पहलाज निहलानी जी के निधन के बारे में सुनकर बहुत दुख हुआ। वह ऐसे निर्माता थे, जिन्होंने कई फिल्मों का समर्थन किया और कई कलाकारों को आगे बढ़ने का मौका दिया। उन्होंने दशकों तक भारतीय सिनेमा के लिए पूरे समर्पण के साथ काम किया। उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा।’

कंगना रनौत ने आगे लिखा, ‘इस कठिन समय में मेरी संवेदनाएं पहलाज निहलानी के परिवार, दोस्तों और करीबी लोगों के साथ हैं। भगवान उनकी दिवंगत आत्मा को शांति दें।’वहीं रणदीप हुड्डा ने भी पहलाज निहलानी के निधन पर दुख जताया। उन्होंने कहा,’पहलाज निहलानी जी के निधन से दुखी हूं। उनके परिवार और प्रियजनों के प्रति मेरी हार्दिक संवेदना। उनकी आत्मा को शांति मिले।

कई फिल्मी सितारे उनके घर पहुंचे थे

पहलाज निहलानी के निधन की खबर सामने आने के बाद कई फिल्मी सितारे उनके घर पहुंचे। मलाइका अरोड़ा अपनी बहन अमृता अरोड़ा और अपने बेटे के साथ उनके घर पहुंचीं। वहां उन्होंने परिवार से मुलाकात कर इस दुख की घड़ी में अपना सपोर्ट जताया। पहलाज निहलानी लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here