डिटेंशन के बाद राहुल गांधी का वीडियो: बोले- मोदी छात्रों से मांगें माफी

प्रधानमंत्री आवास के सामने छात्रों के मुद्दे पर विरोध प्रदर्शन के बाद डिटेन किए गए लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने मंगलवार रात को छत्रसाल स्टेडियम से एक वीडियो जारी किया। अपने आधिकारिक X (पूर्व ट्विटर) हैंडल पर शेयर किए गए इस वीडियो में राहुल गांधी ने सरकार पर छात्रों के मुद्दे से बचने का आरोप लगाया, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से छात्रों से माफी मांगने की अपील की और संसद में इस विषय पर चर्चा कराने की मांग दोहराई। वीडियो में राहुल गांधी एक पैर में जूता है और दूसरा पैर नंगा दिखाई दे रहा है।

Advertisement

राहुल गांधी ने वीडियो में कहा कि मंगलवार सुबह उन्होंने लोकसभा स्पीकर से मुलाकात कर एक दिन पहले छात्रों के साथ हुई घटना पर लोकसभा में चर्चा कराने की अनुमति मांगी थी। उनके मुताबिक, स्पीकर ने कहा कि इसके लिए उन्हें सरकार से अनुमति लेनी होगी। राहुल गांधी ने दावा किया कि इससे साफ हो गया कि सरकार इस मुद्दे पर बहस नहीं चाहती। उन्होंने कहा कि इसी कारण विपक्ष ने प्रधानमंत्री आवास के सामने विरोध प्रदर्शन करने और छात्रों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने का फैसला किया।

छात्रों की तीन प्रमुख मांगें गिनाईं

वीडियो में राहुल गांधी ने छात्रों की मांगों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि पहली मांग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की है। दूसरी, छात्रों के साथ कथित मारपीट और बदसलूकी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। तीसरी, छात्रों पर दर्ज सभी मामले वापस लिए जाएं। राहुल गांधी ने कहा कि पूरा विपक्ष चाहता है कि बुधवार को लोकसभा और राज्यसभा दोनों सदनों में इस मुद्दे पर चर्चा हो।

पीएम मोदी को दी सलाह, शिक्षा व्यवस्था में सुधार की उठाई मांग

राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को संबोधित करते हुए कहा कि सोमवार को छात्रों के साथ जो कुछ हुआ, उसके लिए सरकार और गृह मंत्री की ओर से देश के छात्रों से माफी मांगी जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि परीक्षा प्रणाली और शिक्षा व्यवस्था में जल्द से जल्द सुधार की प्रक्रिया शुरू की जानी चाहिए।

वीडियो के अंत में राहुल गांधी ने छात्रों के मुद्दे पर उनका समर्थन करने वाले सभी लोगों का धन्यवाद किया। यह वीडियो दिल्ली के छत्रसाल स्टेडियम का है, जहां प्रधानमंत्री आवास के सामने प्रदर्शन के बाद पुलिस राहुल गांधी समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं को डिटेन करके लेकर गई थी। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद थे। वीडियो में राहुल गांधी के एक पैर में जूता है और दूसरे पैर नंगा दिखाई दे रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here