वनडे विश्वकप को लेकर हरभजन की कोच गंभीर को खास सलाह

वनडे विश्वकप 2027 को आने में अभी लगभग एक साल का वक्त बचा है। हालांकि, सभी टीमें इसकी तैयारियों में जुट गई हैं। कुछ टीमें लगातार प्रयोग कर रही हैं, वहीं कुछ टीमों की नजर अपने कोर खिलाड़ियों को लगातार मौका देने पर है। इसी कड़ी में भारत के पूर्व दिग्गज स्पिनर हरभजन सिंह ने टीम इंडिया के कोच गौतम गंभीर को खास सलाह दी है।
उन्होंने कहा है कि गंभीर को अभी जितने प्रयोग करने हैं कर लें, लेकिन विश्वकप शुरू होने से चार-पांच महीने पहले टीम तय करना होगा और उन्हें पता होना चाहिए कि कौन से 15 खिलाड़ी विश्वकप खेलने जा रहे हैं।
भज्जी ने गंभीर को क्या दी सलाह?
न्यूज एजेंसी पीटीआई को दिए इंटरव्यू में हरभजन ने कहा, ‘भारतीय टीम में कई विकल्प हैं और उनमें से किसी एक को चुनना बेहद मुश्किल है। लेकिन गौतम गंभीर और उनकी कोचिंग टीम को कड़ी मेहनत करनी होगी। उन्हें उन वेन्यू और कंडीशन का पता करना होगा, जिनमें भारत 2027 वनडे विश्वकप खेलने जा रहा है। गंभीर को फिर उसी के मुताबिक टीम बनानी होगी। एक साल का समय पर्याप्त समय है।
मेरा मानना है कि विश्व कप शुरू होने से चार-पांच महीने पहले तक टीम तय हो जानी चाहिए। उन्हें कई चीजों को ध्यान में रखना होगा और अभी से प्रयोग करने होंगे, ताकि उन खिलाड़ियों की पहचान की जा सके जो टूर्नामेंट के दौरान भारत के लिए अपनी जिम्मेदारी अच्छी तरह निभा सकें।’
‘टीम में कई विकल्प होना अच्छा सिरदर्द’
हरभजन ने कहा, ‘भारत के पास कई विकल्प हैं। जब आपके पास कई विकल्प होते हैं तो यह एक अच्छा सिरदर्द है। हमारे पास विराट कोहली, रोहित शर्मा, श्रेयस अय्यर, ईशान किशन, शुभमन गिल, यशस्वी जायसवाल हैं। इसके अलावा हमारे पास युवा वैभव सूर्यवंशी भी हैं।
इसलिए मैं कह रहा कि काफी विकल्प हैं। हालांकि, मेरा मानना है कि विश्व कप से काफी पहले टीम तय हो जानी चाहिए, ताकि सभी को पता हो कि टीम का कॉम्बिनेशन क्या होगा, टीम में कौन-कौन शामिल होगा और उनसे क्या उम्मीद की जा रही है। नतीजे किसी के हाथ में नहीं होते, लेकिन टीम को यह स्पष्ट होना चाहिए कि वह विश्व कप में किस तरह का खेल खेलना चाहती है और वह कितनी दूर तक जा सकती है। टीम जितनी जल्दी तय होगी, उतना ही बेहतर होगा।’

Advertisement

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here