कांग्रेस ने मंगलवार को आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार महंगाई की सच्चाई पर पर्दा डालने और आंकड़ों की बाजीगरी के जरिये जनता को गुमराह करने में लगी है, जबकि महंगाई आम लोगों की जेब पर चौतरफा असर डाल रही है। पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने मंगलवार को बिजली की तारों से संबंधित खबर को शेयर कर आरोप लगाया कि फर्जी हेडलाइन में व्यस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आम आदमी का घर बनाने का सपना भी छीन लिया है।
फर्जी हेडलाइन में व्यस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी- जयराम रमेश
जयराम रमेश ने दावा किया कि मोदी सरकार देश को महंगाई का हर सप्ताह नया झटका दे रही है और अब इसका असर सिर्फ रसोई तक सीमित नहीं है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा, ‘‘मोदी सरकार हर हफ्ते देश को महंगाई का एक नया ‘हाई-वोल्टेज’ झटका दे रही है। फर्जी हेडलाइन में व्यस्त प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने आम आदमी का घर बनाने का सपना भी छीन लिया है।’’
उन्होंने कहा कि घर बनाने में इस्तेमाल होने वाली सामग्री से लेकर बिजली के सामान तक, हर क्षेत्र में गरीब और मध्यम वर्ग पर महंगाई का बोझ बढ़ रहा है।












