नई दिल्ली: बंगाल में होने वाले उपचुनावों के लिए TMC के ममता बनर्जी गुट ने कांग्रेस के साथ गठबंधन करने की कोशिश की, लेकिन कांग्रेस के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले के कारण यह कोशिश कामयाब नहीं हो सकी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक TMC ने नंदीग्राम और रेजीनगर में अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान तब किया, जब कांग्रेस पहले ही अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित कर चुकी थी।
लेकिन पता चला है कि TMC ने उपचुनावों में तालमेल बिठाने के लिए कांग्रेस से संपर्क किया था। प्रस्ताव यह था कि कांग्रेस नंदीग्राम से चुनाव लड़े और तृणमूल रेजीनगर से। हालांकि, सूत्रों का कहना है कि बंगाल कांग्रेस इस प्रस्ताव पर सहमत नहीं हुई क्योंकि वह राज्य में अपना आधार फिर से मजबूत करना चाहती है और अभी गठबंधन करने से यह प्रक्रिया कमजोर पड़ सकती है।
पश्चिम बंगाल उपचुनाव 2 सीटों पर
पश्चिम बंगाल में नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीट पर 6 अक्टूबर 2026 को उपचुनाव होने वाला है। वहीं, 9 अक्टूबर 2026 को काउंटिंग होगी। इस चुनाव में बीजेपी और टीएमसी के बीच कड़ा मुकाबला माना जा रहा है। अब देखने वाली बात होगी कि लगभग साढ़े 4 महीने बाद बंगाल में सियासी माहौल बदला है या नहीं।
इन विधानसभा और लोकसभा सीटों पर भी होंगे उपचुनाव?
- मदुरंतकम (तमिलनाडु)
- धारापुरम (तमिलनाडु)
- थट्टांचावडी (पुडुचेरी)
- नौगांव लोकसभा (असम)
नंदीग्राम से शुभेंदु अधिकारी तो रेजीनगर से हुमायूं कबीर ने दिया इस्तीफा
बता दें कि पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम सीट से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने इस्तीफा दिया था। वह कोलकाता के भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र से भी निर्वाचित हुए थे। वहीं, मुर्शिदाबाद जिले की रेजीनगर सीट से आम जनता उन्नयन पार्टी के नेता हुमायूं कबीर ने चुनाव जीता था। उन्होंने नोदा विधानसभा सीट से भी चुनाव जीता था। बाद में उन्होंने रेजीनगर से इस्तीफा दे दिया था और नोदा विधानसभा के जनप्रतिनिधि के रूप में शपथ ली थी।












