नई दिल्ली: इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन के दौरान सोशल मीडिया पर कई तरह के वीडियो वायरल हो रहे हैं। किसी में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के संघर्ष को दिखाया जा रहा है तो किसी में अखिलेश यादव के जोश को दिखाया जा रहा है। हालांकि, इन सबके बीच एक ऐसा वीडियो भी आया है जो थोड़ा हैरान करने वाला है। दरअसल, भारत सरकार के सूचना और प्रसारण मंत्रालय में वरिष्ठ सलाहकार कंचन गुप्ता ने टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा का एक वीडियो शेयर किया है जिसमें वह हिरासत के दौरान महिला पुलिसकर्मी को दांत काटती नजर आ रही हैं। कंचन गुप्ता ने महुआ मोइत्रा के इस तरह के व्यवहार को पागलपन बताया है।
ले-लि गुट की चहेती महुआ ने पुलिस अफसर को काट लिया
कंचन गुप्ता ने महुआ मोइत्रा के वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि ‘ले-लि’ (लिबरल-लेफ्ट) हलकों की चहेती ‘गुस्सैल महुआ’ ने एक पुलिस अफसर को काट लिया। भ्रष्टाचार के आरोपों का सामना कर रहीं सांसद ने ड्यूटी पर तैनात एक पुलिसकर्मी के साथ मारपीट की। किसी भी ‘माननीय’ सांसद को कभी ऐसे अशोभनीय तरीके से बर्ताव करते नहीं देखा। उम्मीद है कि महुआ मोइत्रा के इस पागलपन भरे बर्ताव का शिकार बने लोगों ने वैक्सीन लगवा ली होगी।
महुआ मोइत्रा ने खुद भी इस वीडियो को शेयर किया है
बता दें कि महुआ मोइत्रा ने खुद अपने एक्स हैंडल पर इस वीडियो को शेयर किया है और लिखा कि हम वापस आएंगे… बार-बार, बार-बार। ज्ञानेश को जाना ही होगा। हम अपना वोट वापस हासिल करेंगे। बस इंतजार कीजिए और देखिए।
महुआ मोइत्रा ने दिल्ली पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया
वहीं महुआ मोइत्रा ने दिल्ली पुलिस पर बदसलूकी का आरोप लगाया। महुआ मोइत्रा ने कहा कि दिल्ली पुलिस ने बदसलूकी बस में जबरदस्ती बिठाया और किंग्सवे कैंप ले जा रही है। जब तक ‘ज्ञानेश’ नहीं जाएगा, हम नहीं रुकेंगे। भारतीयों, एकजुट हो जाओ। अब सड़कों पर उतरने का समय आ गया है। हमने अंग्रेजों को अदालतों में जाकर नहीं हटाया था, गांधीजी सड़कों पर उतरे थे।










