नई दिल्ली। देश में वैश्विक महामारी कोरोना के मरीजों की संख्या अब एक लाख 82 हजार के पार पहुंच गई है। पिछले 24 घंटों में कोरोना के 8,380 नए मामले सामने आए हैं। यह अब तक का सबसे ज्यादा नया मामला आने का रिकॉर्ड है। इसके साथ कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़कर 1,82,143 पर पहुंच गई है। वहीं कोरोना से पिछले 24 घंटों में 193 मौतें दर्ज हुई हैं। इस तरह संक्रमण से मरने वालों की संख्या 5164 तक पहुंच गई है।
रविवार सुबह केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक देश में 89,995 एक्टिव मरीज हैं। राहत भरी खबर भी है कि पिछले 24 घंटों में कोरोना के 4,614 मरीज स्वस्थ हुए हैं। देश में 86,984 कुल मरीज स्वस्थ हो चुके हैं।
- मध्यप्रदेश: शनिवार को कोरोना संक्रमण के 242 नए केस मिले और 9 मरीजों की मौत हुई। संक्रमितों की संख्या 7891 हो गई है। राज्य में इस बीमारी से अब तक 343 लोग जान गंवा चुके हैं। उधर, सागर जिला नया हॉट स्पॉट बन गया है। यहां शुक्रवार को 24 केस मिले। अब शहर में संक्रमितों की संख्या 165 हो गई।

- महाराष्ट्र: शनिवार को 2940 नए मरीज मिले और 99 की जान गई। अब तक 65 हजार 168 संक्रमित मिल चुके हैं। एक दिन में 114 पुलिसकर्मी संक्रमित हुए और एक की मौत हो गई। राज्य में 2325 पुलिस जवान कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें से 26 की जान गई।

- उत्तरप्रदेश: शनिवार को कोरोना संक्रमण के 256 केस आए और 12 मरीजों की जान गई। राज्य में संक्रमितों की संख्या 7701 हो गई। अब तक 22 लाख प्रवासी मजदूर लौट चुके हैं। इनमें 2012 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। कुल मौत का आंकड़ा 213 हो गया है।
- राजस्थान: यहां रविवार को 76 संक्रमित मिले। इनमें जयपुर में 21, झालावाड़ में 14, भरतपुर में 12, झुंझुनूं में 7, कोटा में 6, धौलपुर और राजसमंद में 5-5, अजमेर में 3, उदयपुर में 2, जबकि टोंक में 1 संक्रमित मिला। जयपुर मे एक संक्रमित की मौत हुई। राज्य में इस बीमारी से अब तक 194 लोग जान गंवा चुके हैं।
- बिहार: शनिवार को संक्रमण के 206 मामले आए और 6 की जान गई। इनमें से बेगूसराय में 19, दरभंगा में 17, भोजपुर में 14, शेखपुरा में 15, मधेपुरा में 10 मरीज मिले हैं। राज्य में 3 मई के बाद आने वाले 2310 प्रवासी कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इनमें 569 महाराष्ट्र, 503 दिल्ली और 325 गुजरात से आए हैं। प्रदेश में अब मरीजों की संख्या 3565 है।

Advertisement