उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि अनलॉक-1 के तहत राज्य में बस और टैक्सी सेवा की शुरुआत होगी। उन्होंने कहा कि इस संबंध में राज्य सरकार जल्द ही नई गाइडलाइंस जारी करने वाली है। न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीच में सीएम योगी ने कहा कि अनलॉक-1 के दौरान सामूहिक जमावड़े पर प्रतिबंध रहेगा। लोगों को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा और मास्क पहनना भी अनिवार्य है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने रविवार को मीडिया वार्ता में कहा कि उत्तर प्रदेश में सोमवार से लॉकडाउन- 5.0 यानी अनलॉक-1 शुरू होगा। हमने टीम 11 के साथ इसको लेकर कल काफी मंथन किया है। अनलॉक में जनता को मिलने वाली राहत पर गाइडलाइन तैयार की गई है। सभी को इन गाइडलाइन का पालन करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में कल यानी सोमवार से अनलॉक शुरू होगा। इसमें भी कंटेन्मेंट जोन में सख्ती रहेगी। सीएम योगी आदित्यनाथ ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बस और टैक्सी सेवा को शुरू करने का निर्णय लिया गया है।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि लॉकडाउन 5.0 में हम लोग काफी छूट दे रहे हैं। इसमें की लोगों को काफी सतर्क रहना होगा। पहले हफ्ते से हम चरणवार छूट देंगे। इसी क्रम में आठ जून से धार्मिक स्थल खोले जाएंगे। इस दौरान भी हम मास गैदरिंग नहीं होने देंगे। हमने कई क्षेत्रों में लोगों को काफी राहत दी है, लेकिन बुजुर्ग व बच्चों को अभी भी बचना होगा। हम इस संकट काल में भी जनता पर कोई टैक्स नहीं थोप रहे हैं, लेकिन जनता को भी कोरोना वायरस से संक्रमण से अपना बचाव करना होगा। उत्तर प्रदेश में भी कंटेनमेंट (सील) जोन में एक से 30 जून तक लॉकडाउन पूरी सख्ती से लागू रहेगा। सूबे में सिर्फ जरूरी सेवाओं की ही इजाजत होगी। कांटेक्ट ट्रेसिंग, घर-घर सर्विलांस का काम जारी रहेगा।
सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने कोरोना वायरस संक्रमण पर हर क्षण पर सहीं निर्णय लिया है। देश में चार चरण में लागू लॉकडाउन के कारण ही हम लोग इस भयंकर महामारी में भी काफी सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि कल शनिवार को ही केंद्र की नरेंद्र मोदी ने दूसरे कार्यकाल का पहला वर्ष पूरा किया है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश लगातार प्रगति के पथ पर है और अब तो यह तय है कि भारत दुनिया में महाशक्ति बनेगा। पीएम मोदी ने हर कठिन काम को आसानी ने पूरा किया।
इस संकटकाल में कई देश भारत की ओर देख रहे हैं। यूपी इस विपरीत समय को अवसर में बदलेगा। अमेरिका, जापान, कोरिया डेस्क बनाया गया है और उद्योग आना भी शुरू हुआ है। वैश्विक स्तर पर भी भारत की धमक लगातार बढ़ी है। मोदी जी ने ही देश की गरीबों की जिंदगी बदलने के साथ जीवनदायिनी मानी जाने वाली गंगा नदी को निर्मल करने का हम सभी का सपना साकार किया है। इसी क्रम में कश्मीर में धारा 370 को खत्म किया गया।
कोरोना वायरस संक्रमण को रोकने के लिए पूरे देश में लागू लॉकडाउन के चौथे चरण का आज आखिरी दिन है। इससे पहले ही शनिवार को केंद्र सरकार ने लॉकडाउन 5.0 और अनलॉक-1 के लिए नई गाइडलाइंस जारी कर दी थी। इसी को ध्यान में रखते हुए राज्य अपनी-अपनी गाइडलाइंस जारी कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश सरकार भी इस संबंध में कुछ ही देर बाद अपनी गाइडलाइंस जारी करने वाली है।
राज्यों के बीच परिवहन पर पाबंदी खत्म
गृह मंत्रालय ने नई गाइडलाइंस जारी करते हुए कहा कि अंतरराज्यीय परिवहन पर रोक नहीं होगी। यानी जहां अनुमति हैं, वहां मेट्रो को छोड़कर एक राज्य से दूसरे राज्य में बस, टैक्सी और अन्य परिवहन का संचालन किया जा सकेगा। हालांकि राज्य चाहें तो इस परिवहन को नियंत्रित कर सकता है, लेकिन इसके लिए पहले से लोगों को ठोस कारण बताना होगा। इसे जनता के बीच ठीक ढंग से प्रचारित करना होगा।