सेंसेक्‍स की टॉप 10 में सात कंपनियों का मार्केट कैप 1.76 लाख करोड़ रुपये बढ़ा

नई दिल्‍ली। कोविड-19 की महामारी के बावजूद सेंसेंक्स की शीर्ष दस में से सात कंपनियों के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते हफ्ते 1,76,014.51 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है। सबसे अधिक लाभ में एचडीएफसी बैंक रहा। दरअसल समीक्षाधीन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज, हिंदुस्तान यूनिलीवर, एचडीएफसी, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक के बाजार पूंजीकरण में इजाफा हुआ है। वहीं, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), भारती एयरटेल और इंफोसिस की बाजार हैसियत कम हो गई।

Advertisement

रिलायंस का बाजार मूल्‍यांकन बढ़ा  
एक सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का बाजार पूंजीकरण 61,612.11 करोड़ रुपये बढ़कर 5,21,660.14 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, आईसीआईसीआई बैंक का बाजार पूंजीकरण 26,487.04 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,15,029.01 करोड़ रुपये और एचडीएफसी का 24,733.64 करोड़ रुपये की वृद्धि के साथ 2,87,407.32 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। समीक्षाधीलन सप्ताह में रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजारमूल्यांकन 21,300.4 करोड़ रुपये बढ़कर 9,28,849.39 करोड रुपये पर पहुंच गया।

इसके साथ ही हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 16,093.85 करोड़ रुपये बढ़कर 4,83,262.07 करोड़ रुपये पर और आईटीसी की 13,644.38 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी के साथ 2,42,710.11 करोड़ रुपये पर पहुंच गई, जबकि कोटक महिंद्रा बैंक का बाजार मूल्यांकन 12,143.09 करोड़ रुपये बढ़कर 2,34,192.24 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। वहीं, भारती एयरटेल का बाजार पूंजीकरण 22,149.56 करोड़ रुपये घटकर 3,01,364.99 करोड़ रुपये रह गया। टीसीएस को सप्ताह के दौरान 17,786.3 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ और उसका बाजार पूंजीकरण 7,39,801.41 करोड़ रुपये पर आ गया।

इंफोसिस की बाजार हैसियत घटी 
इंफोसिस की बाजार हैसियत 375.34 करोड़ रुपये घटकर 2,94,453.42 करोड़ रुपये रह गई। इस सप्ताह के दौरान शीर्ष दस कपंनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर रही। उसके बाद क्रमश: टीसीएस, एचडीएफसी बैंक, हिंदुस्तान यूनिलीवर, भारती एयरटेल, इन्फोसिस, एचडीएफसी, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक और आईसीआईसीआई बैंक का स्थान रहा। इसके अलावा बीते हफ्ते बॉम्‍बे स्‍टॉक एक्‍सचेंज (बीएसई) का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 1,751.51 अंक या 5.71 फीसदी चढ़ा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here