न्यूज 7 एक्सप्रेस संवाददाता
प्रयागराज। कोरोना वायरस की वजह देशभर में लगाए गए लॉकडाउन की मार तो हर कोई झेल रहा है लेकिन इस दौर ने जिसे सबसे ज्यादा परेशान किया वो कोई और नहीं बल्कि गरीब हैं। गरीबों की परेशानी की एक और तस्वीर प्रयागराज से सामनें आई है, जहां खाकी की दबंगई देखनें को मिली।
सब्जी मंडी में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन न होने से नाराज घूरपुर थाने में तैनात दारोगा सुमित आनन्द ने सरकारी गाड़ी से किसानों की सब्जियों को रौंद डाला। यह देख लोग स्तब्ध रह गए और जान बचाकर भागने लगे। इसकी जानकारी जब एसएसपी सत्यार्थ अनिरूद्ध पंकज को हुई तो उन्होंने इसे गंभीरता से लेते हुए दारोगा को लाइन हाजिर कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं।

मामले का वीडियो वायरल होने के बाद घटना को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आरोपी सब इंसपेक्टर को तत्काल सस्पेंड करने के साथ ही वरिष्ठ अधिकारियों को मौके पर जाकर सभी सब्जी विक्रेताओं के नुकसान की पूरी भरपाई करने के आदेश दिए हैं। सीएम योगी ने अधिकारियों को फौरन मौके पर जाकर सब्जी विक्रेताओं से खेद प्रकट करने के साथ ही घटना के लिए जिम्मेदार सब इंस्पेक्टर के वेतन से ही नुकसान की भरपाई करने के आदेश दिए। इस आदेश के बाद प्रयागराज के पुलिस अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर मुख्यमंत्री के निर्देश का पालन किया।

यह घटना बुधवार शाम की है। घूरपुर में लगने वाली साप्ताहिक सब्जी मंडी में सब्जी खरीदने के लिए लोगों की भीड़ लगी हुई थी। इसकी सूचना मिलने पर घूरपुर थाने में तैनात दारोगा सुमित आनन्द सरकारी गाड़ी लेकर बाजार पहुंचे। दूर से ही पुलिस गाड़ी को देखकर दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई।
दरोगा ने किसानों की मेहनत से उगाई हुई हजारों रुपए की सब्जी गाड़ी से रौंद डाली। सरकारी गाड़ी ने खुले में दुकानों पर सजे टमाटर,प्याज,और अन्य सब्जियों को कुचल दिया। इस घटना से सब्जीमंडी के दुकानदारों में भारी आक्रोश है। घूरपुर बाजार में सप्ताह में दो दिन बुधवार और शनिवार को सब्जी मंडी लगती है। जिसमें सब्जी उत्पादक किसान आकर सब्जी बेचते हैं।

जब न्यूज 7 एक्सप्रेस ने इस बारे में संबन्धित थाने के व्हाटसअप ग्रुप पर जानकारी मांगी तो बताया गया कि जब बिना अनुमति सब्जी मंडी लगी तो मौके पर दारोगा दो महिला और एक पुरुष कांस्टेबल के साथ थाने की गाड़ी से पहुंचे थे। जहां पर उन्होंने दो बार बाजार न लगाने के लिए अनाउंस भी किया, लेकिन जब दुकानें नहीं हटीं और लोगों से कहासुनी शुरु हो गयी तो आपा खोते हुए दारोगा ने तेज रफ्तार में सायरन बजाते हुए सरकारी गाड़ी सब्जियों की दुकानों पर चला दी और सब्जियां रौंद डाली।
वहीं सस्पेंड दारोगा सुमित आनन्द ने न्यूज 7 एक्सप्रेस को व्हाटसअप पर बताया कि उनसे गलती हुई है, लेकिन भीड़ से घिर जाने के बाद घबराहट में उसने ऐसा कदम उठाया था।
बता दें कि इस घटना का मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया था, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा था और सीएम योगी ने भी इस मामले को गम्भीरता से लेते हुए पुलिस के अफसरों को सख्त कार्रवाई के आदेश दिए थे।










