नई दिल्ली। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को आरोप लगाया कि सरकार कोरोना वायरस के संकट के समय लोगों और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग (एमएसएमई) क्षेत्र की इकाइयों को नकद सहयोग नहीं देकर अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर रही है। उन्होंने यह भी दावा किया कि सरकार का यह रुख ‘नोटबंदी 2.0’ है।
इस दौरान राहुल गांधी ने एक खबर का लिंक शेयर करते हुए ट्वीट कर लिखा है, ‘सरकार लोगों और एमएसएमई को नकद सहयोग देने से इनकार कर देश की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर रही है। यह नोटबंदी 2.0 है।’
कोरोना संक्रमण और लॉकडाउन के कारण गरीब मजदूरों को हुई परेशानियों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी पहल से मांग कर रहे हैं कि गरीबों, मजदूरों और एमएसएमई की वित्तीय मदद की जाए। इसके तहत लोगों के खातों में अगले छह महीनों के लिए 7500 रुपये महीने भेजे जाएं तथा तत्काल 10 हजार रुपये दिए जाएं।
Advertisement












