लखनऊ। प्रदेश पुलिस की आपात सेवा-112 ने 48 घंटे बाद एक बार फिर अपनी पूरी क्षमता के साथ काम शुरू कर दिया। सोमवार को शाम 4 बजे से 112 का मुख्यालय खोल दिया गया और सभी कर्मचारियों ने अपना काम संभाल लिया। इस मौके पर 60 कर्मचारियों का सैम्पल भी लिया गया।
ये कर्मचारी सेकेण्ड्री कान्टैक्ट में आए हैं। यूपी 112 के तकनीकी एरिया में काम करने वाले पांच कर्मचारियों के कोरोना (कोविड-19) पॉजिटिव पाए जाने के बाद मुख्यालय को 48 घंटे के लिए बंद कर दिया गया था। इस दौरान नगर निगम की टीमों ने दो बार मुख्यालय भवन का सैनिटाइजेशन किया।
अपने प्रयागराज उप केंद्र और घर से काम कर रहे कर्मचारियों की बदौलत यूपी- 112 ने 48 घंटे के दौरान एक तिहाई क्षमता के साथ काम किया। आपात स्थिति में मदद के लिए टि्वटर व फेसबुक के अलावा व्हाट्सएप नंबर -7570000100 पर आने वाले संदेशों और 7233000100 पर आने वाले एसएमएस पर भी मदद पहुंचाई गई। ये दोनों नंबर पहले से 112 से जुड़े हुए हैं।