माया बोलीं- राहुल की बेहूदी बातों से चीन को मिल रहा फायदा, हम भाजपा के साथ

लखनऊ। चीनी सीमा पर तनाव के बीच बसपा प्रमुख मायावती ने सोमवार को बड़ा बयान दिया है। मायावती ने कहा कि चीन के मुद्दे पर हम भाजपा सरकार के साथ खड़े हैं। कांग्रेस के लोग बेहूदी बातें करते हैं। आपसी विवाद से चीन को फायदा मिलेगा।

Advertisement

वहीं, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी के उस बयान पर भी पलटवार किया, जिसमें उन्होंने बसपा को भाजपा सरकार की प्रवक्ता बताया था। मायावती ने कहा कि बसपा की अलग विचारधारा है। हम किसी के हाथ का खिलौना नहीं हैं। मिलकर सरकार बनाना या चुनाव लड़ना अलग बात है। बसपा का उदय कांग्रेस के चलते हुआ है।

मायावती ने कहा कि चीनी सीमा पर तनाव के चलते देश के आंतरिक मुद्दे दब रहे हैं। पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ रहे हैं। जनता एक तरफ कोरोना से परेशान है, अब महंगाई चरम पर है। केंद्र सरकार कीमतें तय नियंत्रित करे। मायावती ने आत्मनिर्भर उत्तर प्रदेश अभियान भी हमला किया।

कहा कि जमीन पर गरीब को लाभ नहीं पहुंचा है। सिर्फ प्रचार करने से काम नहीं चलेगा। सिर्फ योजनाएं लांच की जा रही है। योजनाओं की निगरानी करना जरूरी है। उन्होंने योजनाओं में भेदभाव का भी आरोप लगाया।

मायावती ने कहा कि कभी कांग्रेस कहती है कि बसपा भाजपा के हाथ का खिलौना है। कभी भाजपा कहती है कि, बसपा कांग्रेस के हाथ का खिलौना है। लेकिन दोनों पार्टियां राजनीति कर रही हैं। चीन मुद्दे पर हम भाजपा के साथ हैं।

मायावती ने राहुल गांधी का नाम लिए बगैर कहा कि चीन मुद्दे पर कांग्रेस के लोग बेहूदी बातें करते हैं। कांग्रेस की गलत नीतियों के कारण बसपा का जन्म हुआ। कांग्रेस के रहते लोगों ने पलायन किया। रोजगार देती तो लोग पलायन नहीं करते। कांग्रेस अपनी नीतियों के साथ सत्ता से गई। भाजपा को कांग्रेस से सबक लेना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here