देश में 24 घंटे में आये रिकॉर्ड में 28637 नये मामले, अब तक 22674 की मौत

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस संक्रमण के मामलों में वृद्धि जारी है। देश में कोविड-19 संक्रमित मरीजों की संख्या को लेकर रविवार को एक रिकॉर्ड बना। यह लगातार तीसरा दिन है, जब देश में संक्रमितों की संख्या 25 हजार से ज्यादा रही है। स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में 28,637 लोग संक्रमित हुए हैं। यह एक दिन में रिकॉर्ड की गई संक्रमितों की सबसे अधिक संख्या है।

Advertisement

तमाम एहतियात बरतने और सुरक्षा के सभी मानकों को पूरा करने के बाद भी बड़े पैमाने पर लोग संक्रमित हो रहे हैं। मंत्रालय के मुताबिक, इस दौरान 551 लोगों की इस खतरनाक वायरस से मौत हुई है। वर्तमान में देशभर में 8,49,553 लोग कोविड-19 पॉजिटिव हो चुके हैं।

इनमें 2,92,258 सक्रिय मामले हैं, जिनका अस्पताल में इलाज किया जा रहा है। वहीं, 5,34,621 मरीज ऐसे हैं, जिन्हें इलाज के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। इसके अलावा, अभी तक भारत में कोरोना वायरस से 22,674 लोगों की मौत हो चुकी है।

देश में अब कोरोना वायरस संक्रमण के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। देश में संक्रमण के पहले एक लाख मामले जहां 110 दिन में सामने आए थे। वहीं, आंकड़े को आठ लाख तक पहुंचने में महज 53 दिन लगे हैं।

देश में कोविड-19 के मरीजों की संख्या तीन जून को दो लाख से अधिक हुई थी, वहीं इसे तीन लाख तक पहुंचने में दस दिन लगे और इसके भी आठ दिन बाद 21 जून को संक्रमितों की संख्या चार लाख से अधिक हुई। इसके बाद अगले एक लाख मामले सिर्फ छह दिन में सामने आए और आंकड़े को सात लाख तक पहुंचने में दस दिन का समय लगा।

भारत में हर रोज कोरोना वायरस के मामलों में वृद्धि हो रही है। पिछले नौ दिनों से भारत में हर रोज 22,000 हजार से ज्यादा मामले रिकॉर्ड किए जा रहे हैं। वर्ल्डोमीटर के मुताबिक, बीमारी के तेजी से फैलने की वजह से दुनिया के कुल कोरोना संक्रमितों का 12 फीसदी हिस्सा हर रोज भारत में सामने आ रहा है।

भारत में शनिवार को पिछले 24 घंटों में कोविड-19 के 27,114 नए मामले दर्ज किए गए। वर्ल्डोमीटर के अनुसार, वैश्विक स्तर पर यह आंकड़ा 2,14,741 रहा। इस तरह भारत में सामने आए संक्रमण के कुल मामले वैश्विक मामलों का 12.6 फीसदी रहे।

वास्तव में, दैनिक प्रवृत्ति के विश्लेषण से पता चलता है कि भारत में पिछले कुछ दिनों में वैश्विक मामलों का 11 फीसदी हिस्सा रिकॉर्ड किया जा रहा है। यह प्रवृत्ति 30 जून से बढ़ रही है, जब भारत के कोरोना वायरस के वैश्विक मामलों में भारत की हिस्सेदारी 10.4 फीसदी थी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here