कोरोना संक्रमण काल में सरकार के गलत निर्णयों के कारण आमजन तबाह : शिवपाल यादव

बाराबंकी। प्रसपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवपाल यादव ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में सरकार के गलत निर्णयों के कारण आमजन तबाह हो गया है। हर वर्ग परेशान व दुखी है। यह बातें उन्होंने सोमवार को सपा के जिला महामंत्री रहे अनिल यादव के तेरहवीं संस्कार में सत्यप्रेमीनगर स्थित आवास पर कहीं।

Advertisement

उन्होंने कहा कि पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे हैंं। सही निर्णय न लिए जाने के कारण फैक्ट्रियों का संचालन भी प्रभावित है। किसान, श्रमिक सभी परेशान हैं। प्रदेश में आए-दिन हत्याएं हो रही हैं। भ्रष्टाचार चरम पर है। मध्यम वर्ग के साथ कर्मचारियों, व्यापारियों की कमर टूट चुकी है। समाजवादी नेता रामसेवक यादव की धरती से उन्होंने समाजवादी सोच के लोगों से एक साथ आने का आह्वान किया।

उन्होंने समाजवादी और लोहियावादी नेताओं को एक साथ आने को कहा। कहा, एकजुट होकर 2022 व फिर 2024 के चुनावों में भाजपा को शिकस्त दें। अनिल यादव के घर पर श्रद्धांजलि देने वालों में पूर्व मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप, प्रसपा के प्रदेश महामंत्री डॉ. विकास यादव, पूर्व मंत्री राकेश वर्मा, विधायक सुरेश यादव, जिला पंचायत अध्यक्ष अशोक सिंह, प्रद्युम्न यादव आदि प्रमुख रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here